Heavy Rain Alert: अगले 5 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी, चलेगी शीतलहर, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Nov 13, 2025 - 08:12 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है, जबकि देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर, कोहरा और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक शीतलहर का प्रभाव रहेगा, वहीं तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

हल्की से मध्यम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 16-18 नवंबर के दौरान तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसके अलावा, 13 से 17 नवंबर तक केरल और माहे में भारी बारिश हो सकती है। 17-19 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश का अनुमान है।

13 और 14 नवंबर को शीतलहर

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 और 14 नवंबर को शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, जबकि 15 और 16 नवंबर को वहां अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर की संभावना है। छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 13 से 16 नवंबर तक अलग-अलग जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने की उम्मीद है।

पांच दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति

पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सात से 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी ठंड का असर देखने को मिला। उत्तराखंड, उत्तर पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। तेलंगाना, मराठवाड़ा, झारखंड, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। पूर्वी मध्य प्रदेश में अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान मध्य प्रदेश के राजगढ़ और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar