Heavy Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ फिर हुआ सक्रिय, कई राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी और तूफान का अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Nov 05, 2025 - 07:10 PM (IST)
नेशनल डेस्कः नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और तूफान जैसी स्थितियां बन सकती हैं। इसके असर से उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के कई इलाकों में 5 से 8 नवंबर तक बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है।
यूपी में हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर उत्तर प्रदेश में भी देखा जा सकता है। हालांकि, अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। 5 नवंबर तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। उत्तराखंड से सटे इलाकों में पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण ठंड में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड के ऊंचाई वाले जिलों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने 4 से 8 नवंबर तक अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में गिरावट और ठिठुरन बढ़ने की आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत में तूफान और बिजली का खतरा
पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 नवंबर को बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और तूफान की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खुले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
मध्य और पश्चिम भारत में बदलेगा मौसम
मध्य और पश्चिम भारत में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 5 से 6 नवंबर के बीच कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में तूफान के आसार जताए गए हैं। इसके अलावा, 4 से 7 नवंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र में बिजली चमकने और तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश
तमिलनाडु, केरल और दक्षिणी तटीय राज्यों में 6 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में धुंध
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 4 और 5 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। हालांकि, शाम और सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 28–30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16–18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मछुआरों को चेतावनी
मौसम विभाग ने 4 से 8 नवंबर के बीच अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
