Heavy Rain Alert: 18 नवंबर तक भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, बढेगी ठंड़, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Wednesday, Nov 12, 2025 - 08:15 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय तीन चक्रवाती सर्कुलेशन अगले कुछ दिनों में पूरे भारत के मौसम को प्रभावित कर सकते हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 12 से 18 नवंबर के बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जबकि मध्य और उत्तर भारत में ठंड की लहर महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार, इन तीनों सिस्टम में से एक दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है, दूसरा हरियाणा के उत्तरी हिस्से में बना हुआ है, जबकि तीसरा चक्रवाती सर्कुलेशन पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के क्षेत्रों में देखा गया है।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने बताया है कि इन सर्कुलेशनों के प्रभाव से 12 से 18 नवंबर के बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही, बिजली कड़कने और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं। विशेष रूप से तमिलनाडु में 12, 17 और 18 नवंबर को जोरदार बारिश की संभावना है। केरल और माहे में 12 और 13 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 17 से 18 नवंबर के बीच तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर भारत में ठंड

दूसरी ओर, मध्य और उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश के राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पश्चिम मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12 से 13 नवंबर के बीच गंभीर ठंड की लहर चलने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्यप्रदेश में भी 15 नवंबर तक ठंड का असर महसूस किया जा सकता है। पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक कोहरा छाया रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ये तीन चक्रवाती सर्कुलेशन देश के मौसमी पैटर्न में बड़ा बदलाव ला सकते हैं और कुछ इलाकों में बारिश और ठंड दोनों के रूप में असर दिखा सकते हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News