Heavy Rain Alert: अगले 7 दिनों तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश मचाएगी कहर, IMD का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 06:48 PM (IST)
नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में ठंड अब विदाई की ओर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि इसी बीच 13 से 19 फरवरी के दौरान दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में मौसम के अचानक करवट लेने की संभावना जताई गई है। विभाग ने कुछ इलाकों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बादल और तेज हवाओं के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 फरवरी को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों की वजह से सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 15 फरवरी से राजधानी में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर बरकरार
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर भले ही कम हुआ हो, लेकिन कोहरा अभी भी परेशानी का कारण बना हुआ है। 13 फरवरी को राज्य के 27 जिलों में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है तथा कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, अमेठी, बाराबंकी, मैनपुरी, बहराइच, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, शामली और सीतापुर समेत कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
UP में खिलेगी धूप
मौसम विभाग का कहना है कि UP में कल दिन के समय मौसम शुष्क और साफ रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह के समय खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर तक धूप निकलने से मौसम सुहावना हो जाएगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो सकती है। राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) करीब 176 तक पहुंचने की आशंका है, ऐसे में बुजुर्गों और संवेदनशील लोगों को मास्क पहनकर बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
