Heavy Rain Alert: 9 से 11 फरवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 01:54 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। फरवरी का महीना होने के बावजूद ठंड का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 15 दिनों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहे हैं, जिसके चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड, बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है। कुछ इलाकों में शीत लहर और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आने वाले 9 से 11 दिनों में भी मौसम का रुख कुछ ऐसा ही बना रह सकता है।
आज रात सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 8 फरवरी की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करना शुरू करेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में तेज पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिनकी रफ्तार करीब 120 समुद्री मील तक पहुंच रही है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा, जहां ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ सकती है।
IMD Weather Warning !
— India Meteorological Department (@Indiametdept) February 7, 2026
Under the influence of a Western Disturbance, isolated to scattered rainfall/snowfall likely over Western Himalayan region during 9th - 11th February.
Stay alert and follow official advisories.#IMDWeatherWarning #WesternDisturbance #HimalayanWeather… pic.twitter.com/UlUs0JMsgR
चार राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम सक्रिय रहेगा। 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली में सुबह-शाम की ठंड, दिन में धूप से राहत
दिल्ली में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा है। हवाओं के चलते सुबह और शाम ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। बीते दिन राजधानी में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि 9 फरवरी को तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। 11 फरवरी के आसपास तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है।
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) February 7, 2026
दिल्ली में हल्के बादलों की संभावना
आने वाले एक हफ्ते में दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहने की संभावना है। हालांकि 10 और 11 फरवरी को यह सामान्य से कुछ डिग्री अधिक हो सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक आसमान अधिकतर साफ रहेगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 और 10 फरवरी को हल्के बादल छा सकते हैं। फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
