Heavy Rain Alert : अगले 24 घंटें इन राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने की संभावना... IMD ने जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 06:11 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा 18 से 19 फरवरी के दौरान मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बादलों की सक्रियता बढ़ने और बिजली गिरने के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं।
पर्वतीय राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 17 से 19 फरवरी के बीच बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। ताजा बर्फबारी के चलते पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड दोबारा जोर पकड़ सकती है।
Weather Warning | 17–18 Feb 2026 !
— India Meteorological Department (@Indiametdept) February 15, 2026
According to India Meteorological Department, a fresh Western Disturbance may bring rain/snow in the Western Himalayan region and rain & thunderstorms across northwest India plains.
Plan travel carefully & stay prepared for sudden weather… pic.twitter.com/htrTScScsB
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की बात करें तो 16 फरवरी, सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा सकता है।
हालांकि 17 फरवरी से मौसम में बदलाव साफ नजर आएगा। IMD के अनुसार दोपहर बाद से घने बादल छा सकते हैं और सुबह के वक्त कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है।
18 फरवरी, बुधवार को भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जबकि सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।
