Heavy Rain Alert: गरज-चमक के साथ भारी बारिश मचाएगी कहर, मौसम विभाग का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 07:26 PM (IST)
नेशनल डेस्कः देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां एक ओर लोग गर्मी की शुरुआत की उम्मीद कर रहे थे, वहीं उससे पहले ही कई राज्यों में बारिश ने दस्तक दे दी है। बदलते मौसम के इस मिजाज ने तापमान में गिरावट ला दी है और ठंड का असर एक बार फिर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 12 घंटों के लिए कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटों में तीन राज्यों—जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश—में भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने और गरज-चमक की घटनाएं भी हो सकती हैं। किसानों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी परेशानी बढ़ा सकती है।
इन जिलों में घने कोहरे का असर
देश के मैदानी इलाकों में ठंड का असर थोड़ा कम जरूर हुआ है, लेकिन कोहरे की समस्या अब भी बरकरार है। उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, मथुरा, औरैया, बागपत, बदायूं, भदोही, हाथरस, जालौन, कानपुर, लखनऊ, महाराजगंज और पीलीभीत समेत कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और जींद में भी कोहरे का प्रभाव रह सकता है। इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, फरीदकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, पटियाला, जालंधर, कपूरथला और लुधियाना में भी सुबह और देर रात घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
दिल्ली में मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। बारिश न होने के कारण प्रदूषण स्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी ऊपर बना हुआ है।
यूपी-बिहार में बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह के समय ठंड और कोहरा लोगों को परेशान कर रहा है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, शामली, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, कुशीनगर, आजमगढ़, बलिया और मिर्जापुर में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के पटना, सारण, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा और भागलपुर में भी कोहरे की संभावना जताई गई है।
