दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में गर्मी की आहट, और बढ़ेगा पारा, जानें आने वाले दिनों का हाल

punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 09:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश के ज्यादातर हिस्सों से सर्दी की वापसी हो गई है, जिसके बाद दिन के तापमान में जबरदस्त बढ़ोतरी हो रही है। दिल्ली में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी दिल्ली में 55 साल में तीसरी बार फरवरी के महीने में सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के सफदरजंग हवाई अड्डे पर आज 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 55 वर्षों में फरवरी के महीने में तीसरा सबसे अधिक तापमान है।
PunjabKesari
हालात इतनी तेजी से बदल रहे हैं कि राजस्थान में पारा 37 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में कोंकण, गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं दिल्ली में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से सात डिग्री अधिक है और दो साल में इस महीने का सबसे अधिक तापमान है। विभाग ने कहा कि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम में सामान्य है।

आने वाले दिनों में और सताएगी गर्मी
आने वाले दिनों में तापमान के और बढ़ने की आशंका जताई गई है। हालांकि पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी आने वाले कुछ दिनों में सुबह हल्की धुंध और कोहरा बना रह सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार, उत्तरी अरब सागर एवं आसपास के गुजरात क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवाती तंत्र विकसित होने से पिछले दिनों में राज्य में तापमान अचानक बढ़ा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News