Western Disturbance: 16 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव. 15 राज्यों में बारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Monday, Apr 14, 2025 - 07:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के ज़्यादातर हिस्सों में गर्मी ने अब अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान कई जगहों पर 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गुजरात और राजस्थान जैसे राज्य सबसे ज़्यादा प्रभावित नजर आ रहे हैं। हालांकि, कुछ इलाकों में बारिश और तेज़ हवाओं ने थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन वो राहत ज्यादा देर टिकती नहीं दिख रही।

मौसम विभाग की मानें तो 16 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो हिमालयी क्षेत्र में दस्तक देगा। इसके असर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी हिस्सों में बारिश और तेज़ आंधी चल सकती है।

कहां-कहां बरसेंगे बादल?

अगले 24 घंटों में बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के अलावा केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भी बारिश हो सकती है।

बीते 24 घंटे में मौसम ने बदला रंग

हाल ही में देश के 12 से अधिक राज्यों में मौसम ने करवट ली है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार और हिमाचल प्रदेश में तेज़ हवाओं के साथ बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, पूर्वी राजस्थान और लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दी है। वहीं पश्चिम बंगाल और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में गर्मी एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगी। खासकर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News