Indian Railways: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब रिवॉर्ड पॉइंट्स से मिलेगा खाना और सस्ता टिकट

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 11:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: ट्रेन से अक्सर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही खास सुविधाएं शुरू हो सकती हैं। Indian Railways यात्रियों को आकर्षित करने और उन्हें बेहतर अनुभव देने के लिए एक नया लॉयल्टी प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस योजना के तहत नियमित यात्रियों को ट्रेन से तय की गई दूरी के आधार पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स दिए जाएंगे। इन प्वाइंट्स का इस्तेमाल यात्री टिकट किराये, खानपान और अन्य सेवाओं में कर सकेंगे।

एयरलाइंस से प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखकर कदम
रेलवे की इस योजना को एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। हाल के वर्षों में कई यात्री कम कीमत वाली एयरलाइंस की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देकर उन्हें अपने साथ बनाए रखना चाहता है। इसी उद्देश्य से लॉयल्टी प्रोग्राम की शुरुआत की जा रही है।


आईआरसीटीसी पोर्टल को बनाया जाएगा डिजिटल वॉलेट
रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार Indian Railway Catering and Tourism Corporation (आईआरसीटीसी) के पोर्टल को डिजिटल वॉलेट की तरह अपडेट किया जाएगा। यात्री जितनी लंबी दूरी की यात्रा करेगा, उसके खाते में उतने अधिक रिवॉर्ड प्वाइंट्स जुड़ते जाएंगे। ये प्वाइंट्स आधार से जुड़े आईआरसीटीसी खाते में जमा होंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी और धोखाधड़ी की संभावना कम होगी।


पहले प्रीमियम ट्रेनों में होगा पायलट प्रोजेक्ट
इस योजना को शुरुआत में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अप्रैल से प्रीमियम ट्रेनों में लागू किया जा सकता है। इनमें Vande Bharat Express और Tejas Express शामिल हैं। यदि यह योजना सफल रहती है तो बाद में इसे सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।


दुनिया का सबसे बड़ा लॉयल्टी प्रोग्राम बनने का दावा
रेलवे का दावा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा लॉयल्टी प्रोग्राम बन सकता है। इसमें देश के 7000 से अधिक रेलवे स्टेशन, हजारों किलोमीटर की ट्रेन सेवाएं और रोजाना सफर करने वाले लगभग तीन करोड़ यात्रियों को शामिल किया जाएगा।


रिवॉर्ड प्वाइंट्स से मिलेंगी कई सुविधाएं
इस योजना के तहत यात्रियों को कई तरह की सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। रिवॉर्ड प्वाइंट्स का उपयोग कर यात्री टिकट बुकिंग के समय किराये में छूट पा सकते हैं या पर्याप्त प्वाइंट्स होने पर मुफ्त टिकट भी ले सकते हैं। इसके अलावा यात्री रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध लग्जरी लाउंज में आराम कर सकेंगे। ई-कैटरिंग सेवा के जरिए ट्रेन में अपनी पसंद का भोजन भी मंगाया जा सकेगा। वहीं प्वाइंट्स के आधार पर टिकट अपग्रेड की सुविधा भी मिलेगी, जैसे थर्ड एसी से सेकेंड एसी और सेकेंड एसी से फर्स्ट एसी में अपग्रेड।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News