Tatkal Booking Cancel: IRCTC तत्काल का सिस्टम हैंग: 11 बजते ही क्रैश हुई वेबसाइट, यात्रियों के कटे पैसे पर नहीं मिला टिकट

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 01:54 PM (IST)

नई दिल्ली: रेल यात्रियों में उस समय हलचल मच गई जब IRCTC की तत्काल सर्विस फेल हो गई और इस दौरान टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के अकाउंट से पैसे भी कट गए लेकिन फिर भी टिकट नहीं मिली। जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर भड़ास निकाली।

11 बजते ही मची अफरातफरी
नियम के मुताबिक, नॉन-एसी क्लास के लिए तत्काल विंडो सुबह 11 बजे खुलती है। 11 बजते ही ऐप और वेबसाइट पर ट्रैफिक का दबाव इतना बढ़ गया कि सिस्टम 'हैंग' होने लगा। यात्रियों ने शिकायत की कि उन्हें बुकिंग के हर स्टेप पर 'एंडलेस बफरिंग' (Endless Buffering) का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा नाराजगी उन यात्रियों में दिखी जिनके बैंक खाते से पैसे तो कट गए, लेकिन टिकट कंफर्म नहीं हुआ। 

सोशल मीडिया पर निकला गुस्सा: यह स्कैम है!
X  पर एक यूजर ने लिखा, "11 बजे लॉगिन किया, पेमेंट भी हो गई, लेकिन टिकट बुक नहीं हुआ। यह सिस्टम की नाकामी है।" एक अन्य निराश यात्री ने सवाल उठाया कि आईटी क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने वाला भारत अपनी रेलवे बुकिंग प्रणाली को सुचारू क्यों नहीं रख पा रहा है? कुछ लोगों ने तो इसे 'स्कैम' बताते हुए तत्काल कोटा ही बंद करने की मांग कर दी।

IRCTC ने क्या दी सफाई?
 IRCTC ने इसे 'अस्थायी तकनीकी समस्या' करार दिया। IRCTC ने पोस्ट में लिखा, यह एक अस्थायी समस्या है, इसलिए कृपया लॉग आउट करके एप्लिकेशन को बंद करें और फिर से शुरू करें। साथ ही, सुनिश्चित करें कि आप ऐप का नवीनतम संस्करण उपयोग कर रहे हैं। नेटवर्क, सेवा, डिवाइस कनेक्टिविटी आदि जैसे विभिन्न कारणों से कनेक्शन संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। हम आपके सहयोग की सराहना करते हैं और आशा करते हैं कि इससे समस्या का समाधान हो जाएगा।

इस बीच प्रशासन ने यात्रियों को भविष्य में ऐसी दिक्कतों से बचने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं:
-ऐप का Cache (कैश) क्लियर करें या उसे अनइंस्टॉल करके फिर से इंस्टॉल करें।
-हमेशा ऐप के लेटेस्ट वर्जन का ही इस्तेमाल करें।
-इंटरनेट कनेक्शन बदल कर देखें (वाई-फाई से मोबाइल डेटा पर स्विच करें)।
-यदि पैसा कट गया है और टिकट बुक नहीं हुआ, तो तकनीकी विवरण (IP Address और एरर टाइम) के साथ आधिकारिक शिकायत दर्ज करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News