भारत के इतिहास में पहली बार SC कार्यवाही की होगी लाइव स्ट्रीमिंग, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2022 - 05:33 AM (IST)

नेशनल डेस्क : भारत के इतिहास में पहली बार सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया जा रहा है। वहीं आज सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि उसकी कार्यवाही के सीधे-प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) के लिए उसका अपना “प्लेटफ़ॉर्म” होगा और इस उद्देश्य के लिए ‘यूट्यूब' का उपयोग अस्थायी है। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) उदय उमेश ललित की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह बात उस समय कही जब भाजपा के पूर्व नेता के एन गोविंदाचार्य के वकील ने तर्क दिया कि शीर्ष अदालत की कार्यवाही का ‘कॉपीराइट' यूट्यूब जैसे निजी मंच को नहीं सौंपा जा सकता है।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें- 
जेपी नड्डा कल राज्य प्रभारियों के साथ करेंगे बैठक
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा मंगलवार को पार्टी की ओर से नियुक्त विभिन्न राज्यों के केंद्रीय प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव सहित अगले साल होने वाले विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। नड्डा ने इस महीने की शुरुआत में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं को राज्यों और संघशासित प्रदेशों का प्रभार सौंपा था।

शिंजो आबे के अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए मोदी जापान रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज टोक्यो के लिए रवाना हो गये। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को विमान में प्रवेश से पहले मोदी की एक तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, मोदी टोक्यो के लिए विमान में सवार हो गए हैं, जहां वह शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। आबे की आठ जुलाई को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे।

राजस्थान में कलह के बीच कमलनाथ बनेंगे संकटमोचक
राजस्थान में सियासी बवंडर के बीच कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ को दिल्ली बुलाया है और वह सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ को सोनिया गांधी ने ऐसे समय बुलाया है, जब पार्टी की राजस्थान इकाई में संकट पैदा हो गया है। राजस्थान में कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार रात को मुख्‍यमंत्री आवास पर होनी थी, लेकिन गहलोत के वफादार कई विधायक बैठक में नहीं आए।

पहले नवरात्रि पर मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शारदीय नवरात्रि का आज से शुभारंभ हुआ। देशभर के मंदिरों में सुबह ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। आज से शुरू नवरात्रि उत्सव में नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ शक्ति रूपों की पूजा की जाएगी। मां दुर्गा की पूजा से नई ऊर्जा का संचार तो होता ही है, साथ ही वातावरण में सकारात्मकता रहती है। नवरात्रि के पहले दिन कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं भारी संख्या में मां के दर्शन करने पहुंचे। वहीं दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में भी लोग पूजा-अर्चना करने के लिए सुबह ही पहुंच गए।

कांग्रेस वेंटिलेटर पर कभी भी दम तोड़ सकती है : राघव चड्डा
राजस्थान में मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस पार्टी में मची घमासान के बीच आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद राघव चड्ढा ने तंज कसा। गुजरात पहुंचे राघव ने कहा है कि कांग्रेस वेंटिलेटर पर है और वह कभी भी दम तोड़ सकती है। 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर राघव चड्ढा ने कहा कि 2024 के चुनाव अरविंद केजरीवाल बनाम नरेंद्र मोदी होने वाला है। राजस्थान के घटनाक्रम से एक बार फिर यह साफ हो गया है कांग्रेस पार्टी अपनी आखिरी सांस ले रही है।

छठ पूजा पर यमुना की सफाई वासी याचिका पर सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
छठ पूजा के लिए दिल्ली में यमुना की सफाई की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह इस मामले में संबंधित प्राधिकरण के पास जाएं। छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार के नियमों के खिलाफ याचिका दायर की गई थी। याचिका में दिल्ली सरकार को छठ भक्तों के साथ अपराधियों के रूप में व्यवहार करने से रोकने और यमुना नदी को साफ करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

राजस्थान संकट : राहुल गांधी ने बच्चों संग खेली फुटबॉल
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव और राजस्थान में मुख्यमंत्री बनने को लेकर पार्टी में छिड़ी घमासान के बीच बेफिक्र राहुल गांधी  'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते नजर आए। दरअसल, राहुल गांधी आज केरल के पलक्कड़ में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' की इस दौरान वह बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते नजर आए हैं। बता दें कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के 19वें दिन की शुरुआत आज केरल के पलक्कड़ जिले के शोरनूर से शुरू की।

जेपी नड्डा को मिलेगा एक्सटेंशन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को विस्तार मिलने जा रहा है। उनका कार्यकाल लोकसभा चुनाव 2024 तक बढ़ाया जा सकता है। भाजपा के संविधान के मुताबिक, अध्यक्ष पद पर तीन साल के लिए नियुक्ति होती है। जेपी नड्डा के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए चर्चा थी कि नड्डा ही आगे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कांग्रेस ने गुजरात को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहने के दौरान गुजरात को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और सरदार सरोवर बांध परियोजना में विलंब किया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री रहने के दौरान नर्मदा का पानी अहमदाबाद और कच्छ जिलों के शुष्क क्षेत्रों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए राजा भगीरथ जैसा कार्य किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News