रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का दो दिवसीय श्रीलंका दौरा टला, कल से शुरू होनी थी यात्रा
punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2023 - 10:14 PM (IST)

नई दिल्लीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की शनिवार से शुरू होने वाली दो दिन की श्रीलंका यात्रा फिलहाल अपरिहार्य कार्यो के चलते टाल दी गई है।
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार देर शाम एक वक्तव्य जारी कर कहा कि कुछ विशेष परिस्थितियों के चलते रक्षा मंत्री की श्रीलंका यात्रा फिलहाल टाल दी गई है। राजनाथ सिंह भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत दिवपक्षीय सहयोग के प्रति वचनबद्ध हैं। मंत्रालय ने कहा है कि राजनाथ सिंह निकट भविष्य में जल्द ही श्रीलंका की यात्रा पर जाने के लिए उत्सुक हैं।
उल्लेखनीय है कि सिंह को शनिवार को श्रीलंका की दो दिन की यात्रा पर रवाना होना था। यात्रा के दौरान, राजनाथ सिंह को श्रीलंका के राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री रानिल विक्रमसिंघे और प्रधान मंत्री दिनेश गुणवर्धने के साथ बातचीत करनी थी।