छक्का मारने के बाद क्रिकेटर की हुई मौत, सामने आया वीडियो

punjabkesari.in Monday, Jun 03, 2024 - 02:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मीरारोड के कश्मीरा इलाके में क्रिकेट खेलते समय एक युवक की अचानक मौत हो गई। घटना के वक्त वह युवक बॉक्स क्रिकेट खेल रहा था जब उसे दिल का दौरा पड़ा और वह मैदान पर गिर गया। यह हादसा कैमरे में कैद हो गया है और काशीगांव पुलिस इसकी जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, यह प्रतियोगिता एक कंपनी द्वारा आयोजित की गई थी जिसमें उस कंपनी के युवा एक दूसरे के खिलाफ खेल रहे थे। वीडियो में दिखाया गया है कि युवक ने एक गेंद को जोर से मारा और उसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। जैसे ही वह गिरा, अन्य खिलाड़ी तुरंत उसकी सहायता के लिए दौड़ पड़े।

यह घटना महाराष्ट्र में क्रिकेट खेलते समय हुई आकस्मिक मौतों की श्रृंखला में एक और दुखद घटना है। कुछ दिन पहले पुणे में भी एक 11 वर्षीय लड़के की क्रिकेट खेलते समय मौत हो गई थी। इस हादसे में गेंद लड़के के गुप्तांग में लगने से वह बेहोश हो गया और अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। जनवरी 2024 में मुंबई के माटुंगा में भी एक 52 वर्षीय व्यवसायी की क्रिकेट मैच के दौरान सिर पर गेंद लगने से मौत हो गई थी। यह मैच माटुंगा जिमखाना दादकर मैदान पर आयोजित किया गया था।

इन घटनाओं ने क्रिकेट खेलने के दौरान सुरक्षा मानकों और प्राथमिक चिकित्सा की महत्ता को फिर से उजागर किया है। खेल के प्रति जुनून और प्रतिस्पर्धा के बीच, खिलाड़ियों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News