Rain Alert: 26 से 31 मार्च तक 22 राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश 40KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:20 AM (IST)

नेशनल डेस्क: गर्मी बढ़ने से पहले ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देश के कई हिस्सों में अब तेज हवाओं, बारिश और आंधी का असर देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर भारत से लेकर  पूर्वोत्तर और मध्य भारत सहित करीब 22 राज्यों में पूर्वोत्तर तक मौसम अस्थिर रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल तापमान थोड़ा ऊपर जाएगा, लेकिन यह बढ़ोतरी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। अगले दो दिनों में हल्की गर्मी महसूस होगी, फिर तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो जाएगी। 

पहाड़ी इलाकों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में भी 31 मार्च तक बीच-बीच में बारिश होने के संकेत हैं। उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज ज्यादा तीखा रहने वाला है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे आम जीवन प्रभावित हो सकता है।

25-26-27-28-29 मार्च तक तेज बारिश
पूर्वोत्तर भारत में हालात और भी ज्यादा सक्रिय रहेंगे। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 मार्च के बीच तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर दिख सकता है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

मध्य भारत भी इससे अछूता नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है। दक्षिण भारत में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बदलता रहेगा, जहां गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि तटीय महाराष्ट्र और केरल में कुछ दिनों तक गर्मी और उमस बनी रह सकती है।

दिल्ली-NCR में भी मौसम राहत देने वाला है। बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लगने वाला है और 26 मार्च की शाम तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार और बढ़ सकती है, जो 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 30 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में मौसम ज्यादा असर दिखाएगा। 27 मार्च को तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। इसके बाद 29 से 31 मार्च के बीच कई जिलों में फिर से बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बिहार में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। 27 मार्च को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है, जबकि 28 मार्च को भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयार फसलों को सुरक्षित जगह पर रखें और नुकसान से बचने के लिए जरूरी इंतजाम करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News