Gold/Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट के बाद आज फिर महंगा हुआ Gold, जानें 24 कैरेट का नया रेट

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 10:34 AM (IST)

Gold/Silver Price: सर्राफा बाजार से आज एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में आई जोरदार गिरावट के बाद आज यानी मंगलवार, 10 मार्च 2026 को बाजार में हल्की स्थिरता और ठहराव देखने को मिल रहा है। कल हुई मुनाफावसूली के कारण बाजार में जो गिरावट दर्ज की गई थी, उसके बाद आज सुबह एमसीएक्स (MCX) पर सोने और चांदी के भाव एक सीमित दायरे में कारोबार करते नजर आए। 

मंगलवार, 10 मार्च की सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1,444 रुपये की बढ़त के साथ 1,61,743 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। यह कल के मुकाबले काफी बेहतर स्थिति है क्योंकि सोमवार को यह 1,60,299 रुपये पर बंद हुआ था। लेकिन असली धमाका तो चांदी की कीमतों में देखने को मिला। मई डिलीवरी वाली चांदी पहले तो करीब 3,840 रुपये की तेजी के साथ 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, लेकिन देखते ही देखते चंद मिनटों में इसमें 9,740 रुपये का भारी उछाल आया और यह 2,76,900 रुपये के ऊंचे स्तर पर जा पहुंची।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम? राष्ट्रपति ट्रंप का बयान और अंतरराष्ट्रीय असर
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार (कॉमेक्स) में भी कीमती धातुओं की चमक बढ़ी हुई है। सोना यहां 5,195.15 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि चांदी में 4% की बढ़त देखी गई। इस पूरी हलचल के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक हालिया इंटरव्यू है। ट्रंप ने CBS News को बताया कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष अब लगभग खात्मे की ओर है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की नौसेना, वायुसेना और संचार व्यवस्था अब पूरी तरह चरमरा चुकी है। हालांकि, ईरान के साथ तनाव पूरी तरह खत्म होने के आसार अभी कम ही दिख रहे हैं, जिससे बाजार में बेचैनी बनी हुई है।

इसी बीच डॉलर इंडेक्स भी 0.26% कमजोर होकर 98.92 के स्तर पर आ गया है। डॉलर के कमजोर होने का सीधा मतलब यह है कि अन्य मुद्राओं का इस्तेमाल करने वाले खरीदारों के लिए सोना-चांदी खरीदना सस्ता हो गया है, जिससे वैश्विक मांग बढ़ गई है। कच्चे तेल के दामों में हो रहे उतार-चढ़ाव और डॉलर की इस सुस्ती ने मिलकर सोने और चांदी को और ज्यादा महंगा बना दिया है।

अलग-अलग शहरों की बात करें तो अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 16,172 रुपये प्रति ग्राम और 22 कैरेट की 14,824 रुपये प्रति ग्राम दर्ज की गई। वहीं उत्तर प्रदेश के आगरा और अलीगढ़ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना 16,182 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर बिक रहा है। इन कीमतों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भले ही कल बाजार गिरा हो, लेकिन सोने की चमक अब भी काफी महंगी बनी हुई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News