Silver Price Crash: 5 दिनों में ₹12,821 सस्ती हुई चांदी, ऑल टाइम हाई से ₹1.95 लाख टूटी, देखें नया Price

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 03:23 PM (IST)

Gold/Silver Rate: पिछले हफ्ते सोना और चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को थोड़ी तेजी आई, लेकिन पूरे सप्ताह का ट्रेंड गिरावट वाला रहा। 

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को चांदी (Silver Price) 2808 रुपये प्रति किलो की बढ़त के साथ 2,44,321 रुपये पर बंद हुई। वहीं सोना (Gold Price) भी हल्की बढ़त के साथ 1,52,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। 

चांदी में भारी गिरावट 
अगर पूरे हफ्ते का हिसाब देखें, तो चांदी करीब 12,821 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई। वहीं सोना भी लगभग 1,810 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर गया। 17 अप्रैल को MCX पर चांदी का भाव 2,57,142 रुपए प्रति किलो था, जो शुक्रवार तक गिरकर 2,44,321 रुपये रह गया। यानी सिर्फ 5 दिनों में 12821 रुपए की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 

अगर इस साल के हाई लेवल से तुलना करें, तो जनवरी में चांदी ने 4,39,337 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। अब यह वहां से करीब 1.95 लाख रुपये सस्ती हो चुकी है। घरेलू बाजार में भी चांदी के दाम गिरे हैं।

इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक हफ्ते में चांदी करीब 6,115 रुपये सस्ती होकर 2,43,825 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। सोना भी इस हफ्ते दबाव में रहा। MCX पर 17 अप्रैल को इसका भाव 1,54,609 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो गिरकर शुक्रवार को 1,52,799 रुपये रह गया। सोने ने भी जनवरी में 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। मौजूदा कीमत इस हाई से करीब 50,000 रुपये कम है। घरेलू बाजार में भी सोने की कीमत में हल्की गिरावट आई। 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1,51,655 रुपये से घटकर 1,51,475 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

क्यों बदलते रहते हैं दाम?
सोना और चांदी को सुरक्षित निवेश (Safe Haven Investment) माना जाता है, लेकिन इनकी कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर की चाल, ब्याज दरों और मांग-आपूर्ति के आधार पर बदलती रहती हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News