‘मैं वंदे मातरम नहीं कहूंगा'... बीजेपी ने ‘INDIA' पर साधा निशाना, पूछा- क्या राहुल गांधी हमें अपना रुख बताएंगे?

punjabkesari.in Wednesday, Jul 19, 2023 - 05:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी के एक विधायक की ‘वंदे मातरम' को लेकर की गई टिप्पणी पर बुधवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या यही ‘इंडिया' को लेकर उनकी अवधारणा है। भाजपा की यह प्रतिक्रिया समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी द्वारा विधानसभा में संभाजीनगर जिला दंगा मुद्दा उठाने के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘वंदे मातरम' बोलना उन्हें अस्वीकार्य है।

‘मैं वंदे मातरम नहीं कहूंगा, मेरा धर्म इसकी अनुमति नहीं देता'
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सपा के अबू आजमी कहते हैं कि ‘मैं वंदे मातरम नहीं कहूंगा, मैं अपना सिर नहीं झुकाऊंगा क्योंकि मेरा धर्म इसकी अनुमति नहीं देता है।'' उन्होंने 26 विपक्षी दलों के नवगठित गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘क्या यही ‘इंडिया' को लेकर उनकी अवधारणा है? या यह भारत विरोधी है? सपा इस कथित आई.एन.डी.आई.ए का हिस्सा है।'' अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की दिशा तय करते हुए 26 विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का एकजुट होकर मुकाबला करने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)' नामक एक गठबंधन बनाया।

राहुल जी हमें अपना रुख बताएंगे?
पूनावाला ने आरोप लगाया कि ‘इंडिया' विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम है लेकिन उनके एजेंडे में नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले सपा ने आतंकवादियों को रिहा किया और याकूब मेमन, अफजल गुरु को संरक्षण दिया। कांग्रेस ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट पर सवाल उठाए और 26/11 के लिए भारत को दोषी ठहराया गया, पाकिस्तान को नहीं। यही उनका असली चेहरा है।'' पूनावाला ने सवाल किया, ‘‘क्या ममता दी, खरगे जी, राहुल जी हमें अपना रुख बताएंगे?''

‘वंदे मातरम' बोलना अस्वीकार्य है
महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को अबू आजमी के ‘वंदे मातरम' कहने संबंधी टिप्पणी के विरोध में भाजपा विधायकों के हंगामे के कारण स्थगित कर दी गई। संभाजीनगर जिले में दंगे का मुद्दा उठाते हुए आजमी ने कहा कि ‘वंदे मातरम' बोलना उन्हें अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग कहते हैं कि अगर किसी को भारत में रहना है तो वंदे मातरम जरूर बोलना चाहिए। हम ऐसा नहीं कर सकते। हम केवल एक ईश्वर में विश्वास करते हैं।'' भाजपा विधायकों ने उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News