कोरोना वायरस: दिल्ली मेट्रो का बड़ा फैसला, जनता कर्फ्यू के दिन बंद रहेगी मेट्रो
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2020 - 08:57 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कोरोना वायरस (कोविड-19) को देखते हुए सोमवार 23 मार्च को अपनी रेल सेवा दो पालियों सुबह छह से दस बजे तक और शाम चार से आठ बजे तक चलाने का फैसला किया है। सोमवार को सुबह छह से आठ बजे तक मेट्रो रेल सेवा 20 मिनट के अंतराल पर चलेगी। इस दौरान केवल पुलिस अग्निशमन विभाग, अस्पताल और विद्युत जैसी जरुरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही यात्रा कर सकेंगे। आठ से 10 बजे तक सभी यात्रियो के लिए मेट्रो रेल सेवा उपलब्ध रहेंगी। दस के बाद शाम चार बजे तक मेट्रो रेल सेवा बंद रहेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की ओर से आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार सुबह छह बजे से आठ बजे तक आवश्यक सेवाओं वाले कर्मचारी सुरक्षा कर्मियों को अपना पहचान पत्र दिखाकर मेट्रो से यात्रा कर सकेंगे। आठ बजे से दस बजे के दौरान आम लोगों के लिए मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी और इस दौरान किसी को अपना पहचान पत्र दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बाद शाम को चार बजे से आठ बजे तक सभी लाइनों पर आम लोग मेट्रो का सफर कर सकेंगे तथा इस दौरान ट्रेनें सामान्य अंतराल पर चलेंगी। मेट्रो की सभी लाइनों पर रात आठ बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं चलेगी। इसके अलावा सोमवार को सभी मेट्रो स्टेशनों पर पाकिर्ंग की सुविधा बंद रहेंगी। इस योजना का उद्देश्य सभी यात्रियों को सुविधा के साथ कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने के विचार को बढ़ावा देना है।
डीएमआरसी की विज्ञप्ति के मुताबिक कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को फैलने से रोकने के लिए जहां मॉलों, रेस्टोरेंट और बड़े-बड़े बाजार को बंद कर दिया गया है वहीं यात्रियों की जिम्मेदारी बनती है कि कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम का सहयोग कर इसके सहभागी बने। मेट्रो में यह संशोधन केवल सोमवार को प्रभावी रहेगा। अगर जनहित में इसे जारी करने की जरुरत पड़ी तो इसके बारे में सूचित किया जाएगा।