Pics: कश्मीर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, अलर्ट जारी!

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2015 - 10:15 AM (IST)

श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर के ऊपरी इलाकों में शनिवार से बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यहां कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शनिवार शाम से क्षेत्र में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। स्थानीय मौसम विभाग की निदेशक सोनम लोटस ने बताया, ‘शनिवार शाम से चार अप्रैल 2015 के दौरान एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू एवं कश्मीर और उसके आसपास के क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं।’

उन्होंने कहा कि उत्तरी पाकिस्तान और राज्य के आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के प्रभावित होने की संभावना है। इससे कश्मीर एवं जम्मू क्षेत्रों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 24 घंटे से लेकर रविवार सुबह तक बर्फबारी होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि 29 मार्च, एक अप्रैल और तीन अप्रैल को इन विक्षोभ से राज्य अधिक प्रभावित होगा। 

इस संदर्भ में शनिवार को राज्य प्रशासन ने एक परामर्श जारी किया गया, जिसमें श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर जा रहे लोगों को प्रतिकूल मौसम स्थितियों की वजह से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इस परामर्श में कहा गया, ‘इन मौसम परिस्थतियों से राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और बाढ़ का खतरा हो सकता है।’ इस दौरान प्रतिकूल मौसम की वजह से रेल और हवाई सेवा प्रभावित हो सकती है। 

मौसम अधिकारी ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य में दिन के समय तापमान में बड़ी गिरावट आएगी, जबकि रात को तापमान में हल्की वृद्धि होगी। श्रीनगर में शनिवार सुबह हल्की बारिश दर्ज हुई। खराब मौसम परिस्थिति की वजह से रात में तापमान कई डिग्री बढ़ कर 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम अधिकारी ने कहा, ‘पहलगाम और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।’

लद्दाख क्षेत्र के कारगिल और लेह कस्बों में तापमान क्रमश: शून्य से नीचे सात डिग्री और शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस चला गया। जम्मू में रात को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर में होने वाली एक उष्णकटिबंधीय तूफान प्रणाली है, जिससे भारत, पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश में बारिश और बर्फबारी होती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News