महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में धार्मिक तनाव: 'आई लव मोहम्मद' रंगोली विवाद पर पुलिस का लाठीचार्ज, 30 लोग हिरासत में
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 02:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां 'आई लव मोहम्मद' लिखी रंगोली को लेकर तनाव फैल गया। पुलिस के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने सड़क पर 'आई लव मोहम्मद' की रंगोली बनाई, जिसे मुस्लिम समुदाय ने पैगंबर मोहम्मद का अपमान माना। इसके बाद सैकड़ों लोग कोतवाली पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करने के लिए जमा हो गए।
पुलिस ने की कार्रवाई, स्थिति नियंत्रण में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगोली बनाने वालों की पहचान की। दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कुछ स्थानों पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की कि मामले में उचित कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद, कुछ अराजक तत्वों ने हंगामा जारी रखा।
पुलिस ने अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस के मुताबिक, स्थिति अब नियंत्रण में है और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या है मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अहिल्यानगर में कुछ अज्ञात लोगों ने सड़क पर 'आई लव मोहम्मद' लिखा था, जिसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला माना गया। इससे नाराज होकर मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग कोतवाली पुलिस स्टेशन के सामने एकत्र हुए और प्रदर्शन किया।
देशभर में छिड़ी बहस
'आई लव मोहम्मद' और 'आई लव महादेव' के पोस्टरों को लेकर देशभर में एक नई बहस शुरू हो गई है। कई शहरों में लोग इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। अहिल्यानगर में मामले की जांच जारी है, और पुलिस ने स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।