30 के बाद मां बनने का सोच रही हैं तो ये खबर आपके लिए है, जानें Pregnancy की सही उम्र और जोखिम
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 04:17 PM (IST)
Right Age for Pregnancy : आज के दौर में महिलाएं पढ़ाई, आर्थिक स्वतंत्रता और करियर को प्राथमिकता दे रही हैं। इस वजह से शादी और फैमिली प्लानिंग की उम्र भी खिसकती जा रही है। जहां पहले 20 की उम्र में मां बनना आम था वहीं अब 30 या 35 की उम्र के बाद प्रेग्नेंसी का चलन बढ़ा है लेकिन क्या बढ़ती उम्र में मां बनना पूरी तरह सुरक्षित है? विशेषज्ञों का क्या कहना है, आइए समझते हैं।
प्रेग्नेंसी के लिए 'गोल्डन एज' क्या है?
मेडिकल साइंस के अनुसार, महिलाओं के लिए मां बनने की सबसे सही उम्र 20 से 30 साल के बीच मानी जाती है। इस दौरान शरीर में अंडों (Eggs) की क्वालिटी और संख्या सबसे बेहतर होती है जिससे कंसीव करना आसान होता है और जटिलताएं (Complications) कम होती हैं।
30 के बाद क्यों आती है मुश्किल?
महिलाओं के शरीर में अंडों की संख्या जन्म के समय ही निर्धारित हो जाती है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है इन अंडों की संख्या और गुणवत्ता दोनों घटने लगती हैं।
30 साल के बाद: फर्टिलिटी धीरे-धीरे कम होने लगती है और गर्भधारण करने में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।
35 साल के बाद: इस उम्र को मेडिकल भाषा में 'एडवांस्ड मैटरनल एज' कहा जाता है। यहां से जोखिम बढ़ने शुरू हो जाते हैं और कई बार कपल्स को आईवीएफ (IVF) जैसी मेडिकल सहायता की जरूरत पड़ती है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के बाहरी इलाके में नकली टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़, मालिक गिरफ्तार
बढ़ती उम्र में प्रेग्नेंसी के संभावित जोखिम
35 की उम्र के बाद प्रेग्नेंट होने पर मां और बच्चे दोनों के लिए कुछ चुनौतियां बढ़ सकती हैं:
मां के लिए खतरा: हाई ब्लड प्रेशर (Pre-eclampsia), जेस्टेशनल डायबिटीज, डिलीवरी के समय अधिक ब्लीडिंग और सी-सेक्शन (ऑपरेशन) की अधिक संभावना।
बच्चे पर असर: समय से पहले जन्म (Premature Birth), जन्म के समय बच्चे का वजन कम होना और कुछ दुर्लभ जेनेटिक बीमारियों का खतरा।
अन्य दिक्कतें: जुड़वां बच्चों की संभावना बढ़ना और डिलीवरी के बाद मां या बच्चे को ICU/NICU की जरूरत पड़ना।
सुरक्षित प्रेग्नेंसी के लिए क्या करें?
उम्र चाहे जो भी हो, सही डॉक्टरी सलाह और जीवनशैली से जोखिमों को कम किया जा सकता है। डॉक्टर द्वारा बताए गए सभी अल्ट्रासाउंड और टेस्ट समय पर कराएं। गर्भधारण करने से पहले ही डॉक्टर से मिलें ताकि शरीर की कमियों (जैसे फोलिक एसिड या आयरन) को दूर किया जा सके। संतुलित आहार लें और तनाव से दूर रहें।
Disclaimer: यह रिपोर्ट सामान्य जानकारी पर आधारित है। इसे डॉक्टरी सलाह का विकल्प न समझें। अपनी सेहत और प्रेग्नेंसी से जुड़े किसी भी फैसले के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
