Middle East में तनाव के बीच… एयर इंडिया का बड़ा फैसला, 30 उड़ानों का ऐलान लेकिन कई रूट बंद
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:03 AM (IST)
नेशनल डेस्कः एयर इंडिया और उसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस सोमवार को पश्चिम एशिया के लिए और वहां से कुल 30 उड़ानों का परिचालन करेगी। एयर इंडिया समूह ने रविवार को बताया कि 23 मार्च को पश्चिम एशिया और भारत के बीच उसकी 18 नियमित और 12 विशेष उड़ानें उपलब्ध होंगी। एयर इंडिया सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली के लिए एक और मुंबई के लिए दो उड़ानों का परिचालन करेगी। इनमें मुंबई के लिए एक विशेष उड़ान भी शामिल है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस नियमित उड़ानें ओमान की राजधानी मस्कट से दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान का परिचालन करेगी। उसकी जेद्दा से नियमित उड़ानें बेंगलुरु,कोझिकोड़ और मेंगलुरु के लिए उपलब्ध होंगी। सऊदी अरब की राजधानी रियाद से बेंगलुरु और कोझिकोड के लिए उसने उड़ानों की घोषणा की है।
एयर इंडिया दुबई से दिल्ली के लिए एक विशेष उड़ान उपलब्ध करा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की विशेष उड़ानें दुबई से दिल्ली के लिए, अबु धाबी से दिल्ली और मुंबई के लिए और शारजाह से मेंगलुरु के लिए उपलब्ध होंगी। संयुक्त अरब अमीरात के रस-अल-खैमा और अल-आईन, ओमान के सलाला, सऊदी अरब के रियाद और दम्मम,बहरीन, कतर, कुवैत और इजरायल के लिए उसकी कोई उड़ान सोमवार को नहीं होगी।
