बेंगलुरु मेडिकल कॉलेज में सनसनी: प्रोफेसर ने क्लास में छात्रा को कहा ‘आई लव यू’, फिर हुई पिटाई
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 11:28 PM (IST)
नेशनल डेस्क: बेंगलुरु ग्रामीण क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में हुई घटना ने पूरे परिसर में सनसनी फैला दी है। नेलमंगला इलाके के टी बेगुर स्थित संस्थान में एक प्रोफेसर ने क्लास के दौरान ही छात्रा को प्रपोज कर दिया। ‘आई लव यू’ कहने की यह घटना जैसे ही सामने आई, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
लेक्चर के बीच प्रोफेसर का प्रस्ताव, छात्रा ने किया विरोध
बताया जा रहा है कि क्लास चल रही थी और प्रोफेसर पढ़ा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अचानक छात्रा की ओर इशारा करते हुए उसे प्रपोज कर दिया। छात्रा ने तुरंत इसका विरोध किया और इस व्यवहार को अनुचित बताते हुए शिकायत करने की बात कही।
छात्रों का गुस्सा फूटा, प्रोफेसर की पिटाई
घटना के बाद क्लास में मौजूद अन्य छात्र भी छात्रा के समर्थन में खड़े हो गए। देखते ही देखते मामला गरमा गया और गुस्साए छात्रों ने प्रोफेसर को पकड़ लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने भी नाराजगी जताते हुए प्रोफेसर को थप्पड़ और चप्पल से मारा।
वीडियो वायरल होते ही बढ़ा विवाद
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस दोनों हरकत में आ गए।
पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कॉलेज प्रशासन ने भी आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रोफेसर और छात्रा के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं।
छात्रों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
कॉलेज के छात्रों ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह का व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषी प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर शिक्षक-छात्र संबंधों की मर्यादा और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। कॉलेज प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।
