Delhi Gold Price : 4 दिन की गिरावट के बाद अचानक सोने ने लगाई छलांग, जानें ताजा भाव
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 11:00 PM (IST)
नेशनल डेस्क : लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,200 रुपये बढ़कर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले दिन 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, चांदी की कीमत 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रही।
व्यापारियों के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में यह तेजी वैश्विक कमोडिटी बाजारों में सुधार और निचले स्तर पर हुई खरीदारी के कारण आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के भाव में बढ़त दर्ज की गई, जहां हाजिर सोना नौ सत्रों की गिरावट के बाद 16.96 डॉलर बढ़कर 4,423.83 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इसी तरह चांदी भी 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक हालात, खासकर ईरान से जुड़े तनाव और हाल ही में घोषित पांच दिवसीय युद्धविराम के चलते बाजार में सतर्क आशावाद बना हुआ है। हालांकि, इस युद्धविराम की स्थिरता को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे निवेशकों का रुख सतर्क है। विश्लेषकों के अनुसार, भू-राजनीतिक परिस्थितियों के चलते आने वाले समय में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
