50 वर्षीय महिला से कहा- आप बेहद खूबसूरत हो… पहचान उजागर होते ही कॉन्स्टेबल विजय पर FIR, सस्पेंड
punjabkesari.in Friday, Sep 26, 2025 - 02:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुरुग्राम के सेक्टर-45 की 50 वर्षीय महिला के साथ ऐसा वाकया हुआ जिसने सुरक्षा के सारे दावों की हकीकत खोल दी। महिला के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें उसकी गाड़ी का नंबर और लोकेशन बताई गई। फिर इंस्टाग्राम पर उसी शख्स ने लिखा – “आप बेहद खूबसूरत हैं, क्या हम दोस्त बन सकते हैं।”
आरोपी निकला पुलिसकर्मी
महिला ने तुरंत इस संदिग्ध मैसेज को गंभीरता से लिया और EVR पर तैनात कॉन्स्टेबल को फटकार लगाई। बाद में शिकायत साइबर क्राइम ईस्ट थाने में दर्ज हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी और कोई नहीं बल्कि कॉन्स्टेबल विजय है। मामला सामने आते ही उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई और उसे सस्पेंड कर दिया गया।
पुलिस थाने का रवैया और सवाल
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शिकायत दर्ज कराई, तो साइबर ईस्ट थाने में मौजूद पुलिसकर्मी और अधिकारी खुद उसका मजाक उड़ाने लगे। महिला के मुताबिक, पुलिस वालों ने कहा – “आपके साथ छेड़छाड़ थोड़े हुई, दोस्ती के लिए कहा न… नंबर ब्लॉक कर दो।” इस रवैये ने गुरुग्राम पुलिस की “सेवा, सुरक्षा और सहयोग” जैसे नारों की पोल खोल दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई आपबीती
महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अपनी आपबीती बताई। उसने पुलिस के गैरजिम्मेदाराना रवैये को उजागर किया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। आरोपी कॉन्स्टेबल विजय को न केवल सस्पेंड किया गया बल्कि FIR दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी गई है।
अब निगाहें जांच पर
यह मामला केवल एक कॉन्स्टेबल तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे पुलिस तंत्र पर सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या गुरुग्राम पुलिस पीड़िता को न्याय दिला पाएगी या फिर मामला दबा दिया जाएगा। इससे कई सवाल खड़े हुए हैं कि आखिर महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे हकीकत में कितने खोखले हैं।