2016 में बृहस्पति की चाल किस राशि की जेब का करेगी बुरा हाल

punjabkesari.in Thursday, Dec 31, 2015 - 04:21 PM (IST)

वैदिक ज्योतिष में बृहस्पति अर्थात जुपिटर को गुरु की उपाधि प्राप्त है। संसार के स्मस्त प्राणियों में से बृहस्पति का प्रभाव सर्वाधिक रूप से मानव जीवन पड़ता है क्योंकि बृहस्पति ग्रह को भाग्य, धर्म, अध्ययन, ज्ञान विवेक, मोक्ष, दांपत्य में स्थिरता, यात्रा, क्रय-विक्रय, शयनकक्ष और अस्वस्थता व उपचार का कारक माना जाता है। बृहत पाराशर होरा शास्त्रनुसार बृहस्पति मानव जीवन में शैक्षणिक योग्‍यता, धार्मिक चिंतन, आध्‍यात्मिक ऊर्जा, नेतृत्‍व शक्ति, संतति, वंशवृद्धि, विरासत, परंपरा, आचार-व्‍यवहार, राजनैतिक योग्‍यता, सभ्‍यता, पद-प्रतिष्‍ठा, पैरोहित्‍य, ज्‍योतिष तंत्र-मंत्र एवं तपस्‍या में सिद्धि पर अपना आधिपत्य रखता है। शास्त्रों ने बृहस्पति ग्रह को हर तरह की आपदा-विपदाओं से धरती और मानव की रक्षा करने वाला ग्रह बताया है।

कालपुरुष की सिद्धांतानुसार बृहस्पति को सातवें और नवें घर का कारक माना गया है। लाल किताब के अनुसार बृहस्पति का पक्का घर चौथा है व दसवां घर विश तुल्य है। बृहस्पति कर्क राशि में उच्च और मकर में नीच का प्रभाव देते हैं।
 
साल 2016 में सिंघास्थ बृहस्पति सूर्य की राशि सिंह और सूर्य के नक्षत्र उत्तराफाल्गुनी में गोचर कर रहे हैं। सन 2016 में बृहस्पति देव शुक्रवार दिनांक 08.01.16 को प्रातः 10 बजे अपनी वक्र अवस्था में आएंगे तथा बुधवार दिनांक 17.02.16 की शाम 06 बजे बृहस्पति देव अपनी वक्रिय अवस्था में शुक्र के नक्षत्र पूर्वाफाल्गुनी के चौथे चरण में प्रवेश करेंगे। बृहस्पति देव पुनः सोमवार दिनांक 09.05.16 को शाम 06 बजे अपनी वक्र अवस्था त्यागकर सक्रिय अवस्था में आएंगे तथा शुक्र के नक्षत्र पूर्वाफाल्गुनी के दूसरे चरण से अपनी सक्रिय गति से आगे बढ़ेंगे तथा रविवार दिनांक 24.07.16 को रात 10 बजकर 24 मिनट पर सूर्य के नक्षत्र उत्तराफाल्गुनी में प्रवेश कर आगे बढ़ेंगे। गुरुवार दिनांक 11.08.16 को रात 10 बजकर 24 मिनट पर बृहस्पति सिंह राशि को त्यागकर अपने शत्रु बुध की राशि कन्या में प्रवेश करेंगे। साल 2016 में बृहस्पति की राहू से युति गुरु-चांडाल योग को भी जन्म देगी। आएं जानते हैं साल 2016 में गुरु का पारगमन द्वादश राशि पर क्या असर डालेगा।
 
मेष: सामान्य रूप से संतान व शिक्षा हेतु समय शुभ है। मान–सम्मान में वृद्धि होगी। जनवरी से अगस्त के बीच धनार्जन में कठिनाई अनुभव करेंगे। आपके बनते काम बिगड़ेंगे। आध्यात्मिकता का अनुभव करेंगे। अगस्त के बाद समय बहुत अशुभ है। 
 
वृष: पारिवारिक सुख की वृद्धि होगी। जनवरी से अगस्त के बीच सेहत के प्रति अत्यधिक सावधानी बरतें। समय बहुत हितकर नहीं है।  स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न होगी। अगस्त के बाद समय प्रेम विवाह, संतान सुख, शिक्षा हेतु बहुत शुभ रहेगा। 
 
मिथुन: पराक्रम में वृद्धि होगी। अविवाहित हेतु विवाह के योग हैं। जनवरी से अगस्त के बीच विवादों से बचें। भाई–बहनों से संबंध बिगड़ेंगे। धार्मिक कार्य में रूचि बढ़ेगी। आय में गिरावट आएगी। भाग्य साथ नहीं देगा। अगस्त के बाद समय पक्ष का है।
 
कर्क: धनार्जन अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य समस्याएं परेशान करेंगी। वाणी ओजस्वी रहेगी। बुद्धिबल में वृद्धि होगी। जनवरी से अगस्त के बीच कर्ज की लेन-देन बचें। आर्थिक लेन में विवाद के योग हैं। अगस्त के बाद समय व भाग्य पूरी तरह साथ देगा।
 
सिंह: संतान सुख मिलेगा। शिक्षा में लाभ होगा। भाग्य में वृद्धि होगी। बड़ी सफलता के योग हैं। जनवरी से अगस्त के बीच स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। बुद्धि भ्रष्ट होगी। लंबे समय तक बीमार पड़ सकते हैं। अगस्त के बाद धनार्जन क्षेत्र प्रबल रहेगा।
 
कन्या: जनवरी से अगस्त के बीच दुर्भाग्य प्रबल होगा। दांपत्य हेतु समय अत्यंत ही कठिनाई से भरा रहेगा। पारिवारिक रिश्तों में तनाव रहेगा। परिजनों से वियोग के योग हैं। अगस्त के बाद समय में सुधार होगा। भाग्य वृद्धि से बड़ी सफलता मिलेगी।
 
तुला: पराक्रम में वृद्धि होगी। शिक्षा में सफलता मिलेगी। जनवरी से अगस्त के बीच परोपकार बढ़ेगा। प्रेम संबंध विछेद से दुःख उठाना पड़ेगा। भाई–बहन असहयोग करेंगे। दांपत्य में दूरीयां बढ़ेंगी। अगस्त के बाद समय में कुछ सुधार होना शुरू होगा।
 
वृश्चिक: धनार्जन सामान्य रहेगा। सफलता हेतु स्टूडेंटस को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। जनवरी से अगस्त के बीच शत्रु हावी होंगे। वाद–विवाद से बचें। कोर्ट केस के योग हैंं। मान–सम्मान घटेगा। परेशानियां बढ़ेंगी। अगस्त के बाद हानि के प्रबल योग हैं।
 
धनु: सामान्य रूप से विकास होगा। संतान सुख की प्राप्ति होगी। स्टूडेंट्स को सफलता प्राप्त होगी। जनवरी से अगस्त के बीच शारीरिक स्वास्थ्य में कमी आएगी। पुराने रोग पुनः सक्रिय होंगे। अगस्त के बाद प्रॉफ़ेशन में बड़ा उलट-फेर होने के योग हैं।
 
मकर: यात्राओं से लाभ होगा। भ्रमण में रूचि बढ़ेगी। जनवरी से अगस्त के बीच स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। आलस्य हावी रहेगा। काम में मन नहीं लगेगा। अर्थ क्षेत्र में अत्यधिक परेशानी उठानी पड़ेगी। अगस्त के बाद बड़ी सफलता के योग हैं।
 
कुंभ प्रोफेशन में सामान्य वृद्धि होगी। समाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। जनवरी से अगस्त के बीच पार्टनर से मतभेद होंगे। प्रेमी से वियोग के योग हैं। धार्मिक कार्यों में रूचि बढ़ेगी। व्यक्तिगत सुख में कमी आएगी। अगस्त के बाद हैल्थ कमजोर पड़ेगी।
 
मीन: लाइफस्टाइल प्रभावित होगी। प्रोफेशन में बदलाव के योग हैं। जनवरी से अगस्त के बीच हैल्थ में गिरावट आएगी। विवादों के योग हैं। आर्थिक परेशानी रहेगी। नौकरी में समस्या आएगी। अगस्त के बाद समय में सामान्य रूप से सुधार आएगा।
 
आचार्य कमल नंदलाल
ईमेल: kamal.nandlal@gmail.com

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News