लक्जरी रिसॉर्ट में विकराल आग से सब कुछ स्वाहा; अंदर थे 1700 पर्यटक, रौंगटे खड़े कर देंगे Video

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 12:04 PM (IST)

International Desk: डोमिनिकन रिपब्लिक के लोकप्रिय समुद्री पर्यटन स्थल ब्याहिबे में स्थित विवा विंडहैम डोमिनिकस बीच होटल में लगी भीषण आग ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 46 वर्षीय इतालवी महिला फ्रांसेस्का वैलेंटिनो की मौत हो गई।  आग फैलने के बाद प्रशासन ने तत्काल बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया। करीब 1,690 से 1,700 पर्यटकों को रिसॉर्ट से निकालकर सुरक्षित स्थानों और आसपास के होटलों में पहुंचाया गया। इस दौरान पर्यटकों, कर्मचारियों और बचाव दल के सदस्यों को सुरक्षित निकालने के लिए आपातकालीन सेवाओं ने घंटों तक अभियान चलाया।

 

आपातकालीन सेवा DAEH के अनुसार, तीन लोगों को चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि छह अन्य लोगों का मौके पर ही इलाज किया गया। प्रभावित लोगों में होटल के मेहमान, आगंतुक और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे आपातकालीन कर्मी भी शामिल थे।प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि होटल की छत के कुछ हिस्सों में इस्तेमाल की गई फूस (सूखी घास) के कारण आग तेजी से फैल गई।

 

आग ने रिसॉर्ट के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग कैसे लगी, लेकिन विशेषज्ञ घटनास्थल से सबूत जुटा रहे हैं। यह हादसा कैरेबियाई क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक बायाहिबे में हुआ, जहां हर साल बड़ी संख्या में अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक छुट्टियां मनाने आते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News