एफिल टावर पहुंचकर टूटा महिला का सपना; बोली-''सपनों का पेरिस'' सिर्फ सोशल मीडिया पर, दिखाई ''असलियत'' (Video)
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 06:32 PM (IST)
International Desk: फ्रांस की राजधानी पेरिस और एफिल टावर को दुनिया के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। सोशल मीडिया पर इसकी आकर्षक तस्वीरें और वीडियो लाखों लोगों को यहां आने के लिए प्रेरित करते हैं। लेकिन अब एक महिला ट्रैवल ब्लॉगर का वीडियो वायरल होने के बाद एफिल टावर को लेकर नई बहस छिड़ गई है। महिला ने अपने अनुभव साझा करते हुए भीड़, धूल, कथित गंदगी, जेबकतरों की चेतावनी और अव्यवस्थाओं को दिखाया, जिसे अब तक 7 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। महिला, जिनकी पहचान मेहरमा के रूप में बताई जा रही है, ने इंस्टाग्राम पर साझा वीडियो में दावा किया कि एफिल टावर तक पहुंचने वाले कई रास्तों पर धूल, सूखी घास और भीड़ देखने को मिली।
उनके अनुसार, टावर तक पहुंचते-पहुंचते पर्यटक धूल से भर सकते हैं।उन्होंने यह भी बताया कि छोटे बच्चे के साथ प्रैम (Baby Stroller) लेकर चलना आसान नहीं था। कुछ स्थानों पर उन्हें प्रैम मोड़कर बच्चे और सामान के साथ सीढ़ियां चढ़नी पड़ीं, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। वीडियो में मेहरमा ने कई ऐसे चेतावनी बोर्ड दिखाए, जिनमें पर्यटकों को जेबकतरों (Pickpockets) से सतर्क रहने की सलाह दी गई थी।हालांकि यह चेतावनी दुनिया के अधिकांश बड़े पर्यटन स्थलों पर आम बात है, लेकिन उन्होंने इसे अपने अनुभव का हिस्सा बताते हुए कहा कि पर्यटकों को हर समय अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना पड़ता है।
एफिल टावर के ऊपरी हिस्से तक जाने के दौरान महिला ने दावा किया कि लिफ्ट में काफी भीड़ थी और अंदर गर्मी महसूस हो रही थी।उन्होंने वीडियो में कथित तौर पर मकड़ी के जाले और कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे शीशों की ओर भी इशारा किया। हालांकि इन दावों की किसी आधिकारिक संस्था ने पुष्टि नहीं की है।महिला ने यह भी स्वीकार किया कि एफिल टावर की पहली मंजिल से दिखाई देने वाला पेरिस का दृश्य बेहद खूबसूरत था और उन्हें काफी पसंद आया।लेकिन उनका कहना था कि ऊपरी मंजिल पर पहुंचने के बाद भीड़ और सुरक्षा बैरियर की वजह से उन्हें खुला दृश्य देखने का वैसा अनुभव नहीं मिला, जैसा उन्होंने सोशल मीडिया पर देखा था।
मेहरमा ने एफिल टावर के अलावा पेरिस के अन्य इलाकों के भी दृश्य दिखाए, जहां उन्होंने कथित तौर पर कूड़ा, ग्रैफिटी, बेघर लोगों और भीड़भाड़ का जिक्र किया।उन्होंने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों में एक ओर आधुनिकता और चमक दिखाई देती है, जबकि दूसरी ओर गरीबी और अव्यवस्था भी नजर आती है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स ने महिला के अनुभव से सहमति जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पेरिस की वास्तविक तस्वीर कम दिखाई जाती है। वहीं कई लोगों ने एफिल टावर और पेरिस का बचाव करते हुए कहा कि हर पर्यटक का अनुभव अलग हो सकता है और किसी एक वीडियो के आधार पर पूरे शहर का आकलन नहीं किया जाना चाहिए।
