अमेरिका की आर्थिक सच्चाई: 90 की उम्र में भी नौकरी कर रही महिला, कारण पूछा तो दिया भावुक करने वाला जवाब (Video)
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 12:34 PM (IST)
Washington: अमेरिका के Walmart स्टोर में काम कर रही 90 वर्षीय महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला बताती हैं कि वह इस उम्र में भी केवल अपने बिल और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए नौकरी कर रही हैं। वीडियो में एक कंटेंट क्रिएटर महिला से पूछता है कि क्या इतनी उम्र में भी उन्हें काम करना पड़ रहा है और क्या उनका ख्याल रखने वाला कोई नहीं है। इस पर महिला मुस्कुराते हुए जवाब देती हैं, "मुझे भी आपकी तरह बिल भरने हैं।" उनका कहना है कि आर्थिक जिम्मेदारियों के कारण उन्हें अब भी काम करना पड़ रहा है।
महिला ने बताया कि उन्होंने हाल ही में एक नई कार खरीदी थी। उन्हें उम्मीद थी कि कार का बीमा करीब 500 डॉलर होगा, लेकिन बिल लगभग 2,000 डॉलर का आया। इस अतिरिक्त खर्च ने उनकी आर्थिक चिंता बढ़ा दी और उन्हें नौकरी जारी रखने के लिए मजबूर किया। यह वीडियो अमेरिका में बढ़ती जीवन-यापन लागत, स्वास्थ्य और बीमा खर्च तथा बुजुर्गों की आर्थिक चुनौतियों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। कई लोगों ने कहा कि इससे यह धारणा टूटती है कि अमेरिका में हर व्यक्ति आर्थिक रूप से संपन्न होता है। वीडियो साझा करने वाले कंटेंट क्रिएटर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का सम्मान उसके काम से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत से होना चाहिए। चाहे कोई सुपरमार्केट में काम करे या किसी बड़े कार्यालय में, हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए मेहनत करता है।
