भूकंप के तेज झटकों से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर 6.5 रही तीव्रता...दहशत में लोग
punjabkesari.in Monday, Dec 22, 2025 - 09:17 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः सोमवार सुबह पापुआ न्यू गिनी में जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.5 मापी गई। USGS के मुताबिक, भूकंप सोमवार सुबह 10:31 बजे (UTC) आया। यह समय अमेरिका के ईस्टर्न टाइम के अनुसार सुबह 5:31 बजे था। भूकंप का केंद्र गोरोक़ा (Goroka) शहर में था।
गोरोक़ा शहर के पास रहा केंद्र
गोरोक़ा, पापुआ न्यू गिनी के ईस्टर्न हाइलैंड्स प्रांत की राजधानी है। यह शहर ऑस्ट्रेलिया के ठीक उत्तर में स्थित है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UN Habitat के अनुसार, गोरोक़ा एक व्यस्त और विकसित शहर है। यहां की आबादी करीब 25,000 है। यह इलाका कॉफी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर साल Goroka Show और Goroka Coffee Festival जैसे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं।
सुनामी की कोई चेतावनी नहीं
भूकंप के बाद किसी भी तरह की सुनामी चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रशांत क्षेत्र के लिए हालात फिलहाल सामान्य बताए गए हैं।
अब तक नुकसान या हताहत की खबर नहीं
सोमवार सुबह तक स्थानीय आपातकालीन अधिकारियों ने किसी तरह की जान-माल की हानि या इमारतों को नुकसान की कोई पुष्टि नहीं की है। हालांकि अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जमीन के अंदर काफी गहराई पर आया भूकंप
USGS के आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप की गहराई जमीन के अंदर करीब 68 मील (लगभग 110 किलोमीटर) थी। विशेषज्ञों के अनुसार, गहराई ज्यादा होने की वजह से सतह पर नुकसान अपेक्षाकृत कम हो सकता है।
