विमान के इंजन में लगी आग! हजारों फीट ऊंचाई पर यात्री सांस लेने को तरसे

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 01:01 AM (IST)

नेशनल डेस्क : ब्राज़ील के साओ पाउलो से अमेरिका के अटलांटा जा रहे डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान में एक भयानक हादसा हो गया। रविवार 29 मार्च की आधी रात के आस-पास जैसे ही डेल्टा एयरलाइंस के एयरबस A330-323 विमान ने उड़ान भरी, उसका बायां इंजन फट गया और उसमें आग लग गई। इस भयानक मंज़र को देखकर विमान में सवार करीब 300 यात्री चीख पड़े।

वीडियो में दिखा भयानक मंजर

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान की खिड़कियों के बाहर आग की लपटें दिखाई दे रही थीं और आसमान से जलता हुआ मलबा टूटकर रनवे के पास गिर रहा था। विमान के अंदर से आ रही आवाज़ों में यात्रियों के डर के मारे रोने और चीखने की आवाज़ें सुनी जा सकती हैं।

पायलट की सूझबूझ ने बचाई जान

इंजन में आग लगते ही पायलट ने तुरंत 'मेडे' (आपातकालीन संदेश) घोषित कर दिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने पायलट को चेतावनी देते हुए कहा, "डेल्टा, तुम्हारे पंखों में आग लगी है," जिस पर पायलट ने जवाब दिया, "हमें पता है, हमें वापस लौटना होगा।" विमान 4,500 फ़ीट की ऊंचाई तक पहुंच चुका था, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सिर्फ़ 9 मिनट के अंदर ही विमान को सुरक्षित रूप से वापस हवाई अड्डे पर उतार लिया।

किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की कोई ख़बर नहीं है। डेल्टा एयरलाइंस ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी कि तकनीकी खराबी के कारण फ़्लाइट DL0104 को रद्द कर दिया गया था और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफ़ी मांगी। आपातकालीन कर्मी मौके पर पहुंचे और रनवे के पास लगी आग पर काबू पा लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News