दक्षिण कोरिया में भीषण हादसा: ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में लगी आग ने मचाई तबाही, 50 से ज्यादा लोग घायल
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 01:50 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: दक्षिण कोरिया के मध्य शहर डेजॉन में कलपुर्जों की फैक्ट्री में आग लगने से कम से कम 50 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने कहा कि 35 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, लेकिन वे तुरंत इस बात की पुष्टि नहीं कर सके कि किसी की हालत जानलेवा है या नहीं।
घटनास्थल से मिले वीडियो में परिसर से घना धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था। अधिकारी ने बताया कि यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि कितने कर्मचारी अभी भी संयंत्र के अंदर फंसे हुए हैं। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। आग लगने की सूचना दोपहर एक बज कर लगभग 17 मिनट पर मिली। अधिकारियों ने आग लगने के संभावित कारण पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।
एजेंसी ने बताया कि आग बुझाने के लिए 200 से अधिक दमकलकर्मी और 70 वाहन राहत कार्य में लगाए गए। राष्ट्रपति ली जे म्युंग के बाद सरकार के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी, प्रधानमंत्री किम मिन-सेओक ने आग पर काबू पाने और बचाव अभियान चलाने के लिए कर्मियों और उपकरणों की पूरी तैनाती का आह्वान किया।
