कुवैत में ईरानी मिसाइल हमले से नेपाली नागरिक की मौत, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 07:12 PM (IST)
Kathmandu: कुवैत में ईरान के मिसाइल हमले में एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह हमले की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला उत्तरी कुवैत में स्थित एक चीनी कंपनी की इमारत पर हुआ था। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया गया कि हमले में इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और वहां काम कर रहे एक नेपाली कर्मचारी की मौत हो गई।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, मृतक नेपाली नागरिक उसी चीनी कंपनी में कार्यरत था। हालांकि उसकी पहचान और अन्य विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह कुवैत सरकार और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है तथा घटना से जुड़ी पूरी जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा है। 7 जुलाई से दोनों देशों के बीच जवाबी सैन्य कार्रवाई तेज हो गई है। ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जबकि अमेरिका भी ईरानी सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हमले कर रहा है।
