जल्दी पैसे कमाने का सपना पड़ा भारी, परमवीर सिंह चीमा ने बताया कैसे हुए थे ठगी का शिकार
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 05:25 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। जब से Prime Video ने The Pyramid Scheme का ट्रेलर रिलीज़ किया है, दर्शकों के बीच इसकी कहानी को लेकर काफी उत्सुकता बढ़ गई है। यह कहानी एक ऐसी दुनिया को दिखाती है जहां महत्वाकांक्षा, प्रभाव और जल्दी सफलता पाने का सपना लोगों की जिंदगी बदल सकता है। कहानी के केंद्र में है गोल्डी, जिसका किरदार परमवीर सिंह चीमा निभा रहे हैं। गोल्डी जल्दी अमीर बनने और आसान तरीके से सफलता हासिल करने का सपना देखता है। इसी चाहत में वह जंबोलाइफ नाम की एक पिरामिड मार्केटिंग कंपनी से जुड़ जाता है, लेकिन धीरे-धीरे वह ऐसे जाल में फंस जाता है जहां सपनों और धोखे के बीच की सीमा धुंधली हो जाती है।
दिलचस्प बात यह है कि यह कहानी परमवीर की अपनी जिंदगी से भी काफी मिलती-जुलती है। The Pyramid Scheme के 5 जून को होने वाले ग्लोबल प्रीमियर से पहले अभिनेता ने बताया कि वह खुद भी कभी ऐसे ही एक स्कीम का शिकार हो चुके हैं, जिसमें जल्दी और आसान पैसे कमाने का लालच दिया जाता है।
अपने अनुभव को साझा करते हुए परमवीर ने कहा, "मेरे इलाके में एक व्यक्ति ऐसे काम में शामिल था और मैं भी उन लोगों में से हूं जो इसका शिकार हुए हैं। उस समय मैं काफी युवा था, शायद 20-22 साल का। एक पड़ोसी मेरे पास आया और बोला कि अगर मैं पैसे लगाऊंगा तो बदले में और ज्यादा पैसे कमाऊंगा। जब आप युवा होते हैं और आपके पास ज्यादा पैसे नहीं होते, तो ऐसी बातें बहुत आकर्षक लगती हैं। मुझे लगा कि थोड़े पैसे लगाकर बिना ज्यादा मेहनत किए कमाई हो जाएगी। उस समय यह बहुत अच्छा आइडिया लगा। लेकिन कुछ समय बाद वह व्यक्ति मेरे फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया। तब मुझे समझ आया कि मामला कुछ गड़बड़ है। जब मैंने अपने पिता को इसके बारे में बताया, तो वह हंस पड़े और बोले, ‘तुम ऐसे चक्करों में क्यों पड़ रहे हो?’ इसलिए हां, मैं इस दुनिया को बहुत करीब से देख चुका हूं।”
अपने किरदार गोल्डी के बारे में बात करते हुए परमवीर ने कहा, "गोल्डी एक ऐसा इंसान है जो हर बात और हर परिस्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया देता है। अगर कोई उसे सिर्फ देख भी ले, तो उसके मन में सवाल आता है कि उसने मुझे ऐसे क्यों देखा? मैं उसके इसी मानसिक पहलू को समझना और पर्दे पर दिखाना चाहता था। सबसे ज्यादा रोमांचक बात यह थी कि इस किरदार ने मुझे अपने व्यक्तित्व का एक ऐसा पक्ष दिखाने का मौका दिया, जिसे लोगों ने अब तक स्क्रीन पर नहीं देखा है।”
The Pyramid Scheme का निर्माण The Viral Fever (TVF) ने किया है। इसे श्रेयांश पांडे ने क्रिएट किया है, जबकि निर्देशन आशिष आर शुक्ला और श्रेयांश पांडे ने किया है। इसकी कहानी अक्षेंद्र मिश्रा ने लिखी है। सीरीज में परमवीर सिंह चीमा, Ranvir Shorey, Shekhar Suman, Aanjjan Srivastav, अल्फिया जाफरी और आशिष राघव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल, विजय कुमार, इंद्रेश मलिक, रवि भेल, Sushant Singh, सोनल झा और सदानंद पाटिल भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। The Pyramid Scheme का प्रीमियर 5 जून को सिर्फ Prime Video पर होगा। यह सीरीज हिंदी में भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध होगी।
