Yamuna river: यमुना में किसी भी प्रकार की सामग्री डालने पर पाबंदी, कार्रवाई होगी

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2024 - 08:27 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई दिल्ली (ताहिर सिद्दीकी/नवोदय टाइम्स): दिल्ली के लोग जाने-अनजाने यमुना काे गंदा कर रहे हैं। पूजा सहित विभिन्न प्रकार की सामग्री व कूड़ा यमुना में डाल रहे हैं और यमुना में प्रदूषण बढ़ा रहे हैं। त्योहारों के दिनों में बड़ी संख्या में लोग पूजा सामग्री फेंकने के लिए पहुंचने जाते हैं। इसे देखते हुए सरकार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि लोग यमुना में पूजा सामग्री आदि नहीं फेंक सकें इसके लिए पूरे इंतजाम किए जाएं। 

यमुना में विभिन्न प्रकार की सामग्री लोग न डाल सकें, इसके लिए किए जा रहे बंदोबस्त से दिल्ली सरकार संतुष्ट नहीं है। मुख्य सचिव नरेश कुमार ने कुछ समय पर पहले लोक निर्माण सहित विभिन्न संबंधित विभागों की बैठक ली और किए जा रहे बंदोबस्त के बारे में जानकारी ली। जिसमें पाया गया कि कई जगह की मरम्मत का काम अभी शुरू ही नहीं हुआ है। बता दें कि यमुना में पूजा सामग्री और कूड़ा आदि डाले जाने पर प्रतिबंध है, मगर फिर भी लोग सामग्री यमुना में डाल ही देते हैं। जबकि दिल्ली में यमुना के पुलों पर लोहे के ऊंचे जाल लगाए गए हैं।

यमुना पुलों पर शरारती तत्वों ने जगह-जगह जाल काट दिए हैं। ये लोग पुलाें के नीचे उन स्थानों पर बैठे रहते हैं, जहां से लोग सामान आदि फेंकते हैं। कुछ पुलों के ऊपर भी बैठे रहते हैं और यमुना में फेंकने आए लोगों से काम का सामान ले लेते हैं और अन्य को यमुना में फेंक देते हैं। सरकार के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने पुलों पर लगे जालों की कुछ स्थानों पर मरम्मत कराई है। मुख्य सचिव को सौंपी रिपोर्ट में लोक निर्माण विभाग ने कहा है कि आईटीओ के यमुना पुल के जाली की मरम्मत  31 मार्च तक कर ली जाएगी। विभाग ने कहा है कि इन जालियों को अनधिकृत व्यक्तियों व उपद्रवियों द्वारा दोनों तरफ अलग-अलग स्थानों पर अक्सर तोड़ दिया जाता है, जिसकी समय-समय पर मरम्मत की जाती है। गत 27 सितम्बर को टूटी जालियों की मरम्मत कराई गई है और गायब कर दी गईं जालियों को फिर से लगाया गया था। 

मगर हाल में निरीक्षण के दाैरान कुछ जालियां फिर से टूटी हुई पाई गई हैं, जिनकी फिर से मरम्मत कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार गीता काॅलोनी यमुना पुल पर जाली की मरम्मत की गई थी। मगर पुल पर इन जालियों को अनधिकृत व्यक्तियों व उपद्रवियों द्वारा दोनों तरफ अलग-अलग स्थानों पर अक्सर तोड़ दिया जाता है। इनकी भी समय-समय पर मरम्मत की जाती है। लाेक निर्माण विभाग ने कहा है कि गत 30 सितम्बर को टूटी जालियों की मरम्मत की गई थी। मगर कुछ जालियां फिर से टूटी हुई पाई गई हैं, जिनकी जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार आइर्एसबीटी पुल जाली की पूरी तरह से मरम्मत करा दी गई है।वजीराबाद पुल पर जाली की पूरी तरह से मरम्मत करा दी गई है। वहीं, सिग्नेचर रोड ब्रिज, डीएनडी फ्लाईवे और निजामुद्दीन रोड पुल से यमुना में सामग्री रोक के लिए अभी काम शुरू नहीं हो सका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News