Surya grahan: 54 सालों में सबसे लंबा होगा 8 अप्रैल का सूर्य ग्रहण, भारत में सूतक काल मान्य नहीं होगा

punjabkesari.in Monday, Apr 08, 2024 - 08:34 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Surya grahan 2024: 54 सालों के बाद सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है और यह ग्रहण 8 अप्रैल को लगेगा। हालांकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा लेकिन जब भी कोई ग्रहण लगता है तो सभी राशियों को प्रभावित करता है। लिहाजा भारत में दिखाई न देने के बावजूद इस सूर्य ग्रहण का असर कई राशियों पर पड़ने वाला है।

साल का यह पहला सूर्य ग्रहण होगा जो 8 अप्रैल को रात 09:12 मिनट से शुरू होकर मध्य रात्रि 01:25 मिनट तक रहेगा। इस सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे 25 मिनट तक रहेगी। यह ग्रहण एक पूर्ण सूर्य ग्रहण यानी कि खग्रास सूर्य ग्रहण होगा। इसके बाद इतनी लंबी अवधि का सूर्य ग्रहण फिर 100 साल के बाद ही होगा इसलिए ज्योतिष शास्त्र के साथ-साथ खगोल विज्ञान की दृष्टि से भी यह सूर्य ग्रहण बहुत खास रहने वाला है।

8 अप्रैल 2024 का पूर्ण सूर्य ग्रहण पिछली आधी सदी में सबसे लंबा होने वाला है। दरअसल  8 अप्रैल को जो ग्रहण होगा, उस समय चंद्रमा धरती से सिर्फ 3 लाख 60 हजार किलोमीटर की दूरी पर होगा। पृथ्वी के करीब होने की वजह से चंद्रमा का आकार सामान्य से थोड़ा बड़ा दिखाई देगा। इसका परिणाम यह होगा कि ये ज्यादा देर तक सूर्य को ढकेगा और धरती पर अंधकार की लंबी अवधि होगी।

PunjabKesari Surya grahan

इससे पहले इतना लंबा सूर्य ग्रहण 1970 में दिखा था। अगली बार 2078 में दिखेगा। पूरे उत्तरी अमेरिका में पाथ ऑफ टोटैलिटी (Path of Totality) यानी सूरज के सामने चंद्रमा के आने से जमीन पर जो परछाई बनेगी, वो 185 किलोमीटर चौड़ी होगी। यह मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा में पड़ेगी। करीब 100 मिनट तक यह साथ बना रहेगा। इसके बाद सूर्य ग्रहण खत्म हो जाएगा।

ज्योतिष शास्त्र में सूर्य ग्रहण व चंद्र ग्रहण को एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना माना जाता है और इस ग्रहण का सभी राशियों पर भी असर पड़ता है।

साल 2024 में कुल 4 ग्रहण लगने वाले हैं जिनमें दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण होंगे। 25 मार्च के चंद्र ग्रहण के बाद साल का पहला सूर्य ग्रहण 8 अप्रैल को लगेगा और इसके बाद साल 2024 का दूसरा सूर्य ग्रहण 2 अक्टूबर को लगेगा।

साल 2024 का यह पहला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा लेकिन इसका तीव्र प्रभाव कई राशियों पर रहेगा। किसी के जीवन में शुभ संकेत नजर आएंगे तो किसी की मुश्किलें बढ़ेंगी।

पहले उन राशियों की बात करते हैं, जिनके लिए यह सूर्यग्रहण काफी शुभ रहने वाला है-
मेष राशि के जातकों को आर्थिक लाभ होगा। इस राशि वालों के मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी होगी। हर क्षेत्र में सफलता पाएंगे। इतना ही नहीं करियर-कारोबार में खूब मुनाफा मिलेगा। इस दौरान आपको कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। वैवाहिक और पारिवारिक जीवन सुखमय होगा।

वृषभ राशि वालों के लिए भी सूर्य ग्रहण काफी अच्छा रहने वाला है। सूर्य ग्रहण के सकारात्मक प्रभाव से वृषभ राशि वालों की सैलरी में वृद्धि हो सकती है या फिर वर्तमान नौकरी में ही कोई नया पद प्राप्त हो सकता है। जो लोग नई जॉब की तलाश कर रहे हैं, उनको सफलता प्राप्त होगी। नए प्रस्ताव से तरक्की की राह मिलेगी। आय बढ़ने से आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी। आप पहले से अधिक बचत कर पाएंगे। सुख-सुविधाएं भी बढ़ेंगी।

PunjabKesari Surya grahan

मिथुन राशि वालों को सूर्य ग्रहण का सकारात्मक लाभ मिलेगा। अचानक धन लाभ का योग बन रहा है। हो सकता है कि आपका पुराना फंसा हुआ पैसा वापस मिल जाए। इससे आपको खुशी होगी। नव दंपत्तियों के लिए संतान प्राप्ति का योग है। यदि आप राजनीति में हैं तो आपके पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि होने वाली है। सूर्य ग्रहण के प्रभाव से आपकी राशि के लोगों को भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। बिजनेस में लाभ के नए अवसर प्राप्त होंगे। मुनाफा होने की संभावना है।

धनु राशि के जातकों का भाग्य मजबूत होगा।  इन लोगों को अपने करियर में तरक्की मिलेगी और सेहत भी अच्छी रहेगी। धनु राशि वाले को राजनीति में बड़ा पद पाने का योग है। नौकरीपेशा लोगों के रुतबे में बढ़ोतरी हो सकती है। फिर भी आपको अपने सहकर्मियों के साथ सही व्यवहार करना होगा।

अब उन राशियों की बात करते हैं जिनके जीवन में यह सूर्य ग्रहण थोड़ी खलबली मचा सकता है। इनमें सिंह राशि वालों को खासतौर पर सतर्क रहना होगा। सिंह राशि पर सूर्य ग्रहण का विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। शिक्षा और करियर के क्षेत्र में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। साथ ही बनता हुआ काम अटकने के संकेत हैं।

PunjabKesari Surya grahan

वृश्चिक राशि वालों के लिए यह सूर्य ग्रहण शुभ नहीं है। धन का गलत तरीके से उपयोग आपको संकट में डाल सकता है। बैंक से लोन लेने की स्थिति पैदा हो सकती है। आपके शत्रु भी हावी हो सकते हैं। दुर्घटना होने की आशंका है इसलिए वाहन सावधानी से चलाना होगा।

मकर राशि वालों को सूर्य ग्रहण का नकारात्मक असर नौकरी और बिजनेस में देखने को मिल सकता है। नई चुनौतियों का संयम से सामना करें क्योंकि मकर राशि पर शनि की साढ़ेसाती भी चल रही है। मकर राशि वालों को मानसिक तनाव हो सकता है और सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है। मैरिड लाइफ भी प्रभावित हो सकती है।

साल के पहले सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य मीन राशि में राहु के साथ विराजमान होंगे इसलिए इन वालों को थोड़ा ज्यादा सतर्क रहना होगा। वाहन सावधानी से चलाना होगा नई इन्वेस्टमेंट से बचना होगा और वाद-विवाद से खुद को दूर रखना होगा।

गुरमीत बेदी
9418033344


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News