Weekly numerology (16th-22nd May): जन्मतिथि से जानें, आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, May 16, 2022 - 09:26 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह मिले-जुले फलों वाला रहेगा। सोमवार का दिन कामकाज की अधिकता के कारण व्यस्त रहेगा। निजी जीवन को कम समय दे पाएंगे। हालांकि संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार मिलेगा। मंगलवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं, नए कामकाज के कारण यात्राओं के योग बनते हैं परन्तु सप्ताह के मध्य से आगे तक का समय आपके लिए अनुकूल होगा। किसी महत्वपूर्ण काम में भाई-बहनों का साथ मिलेगा। कोई नया काम शुरू करना चाहते हैं तो समय अनुकूल है। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। कामकाज में तरक्की के योग बनते हैं। सप्ताह के अंत में पैसे उधार लेने की योजना बनाएंगे। कोई भी बड़ा निर्णय सोच-समझ कर लें।
उपाय:- दुर्गा चालीसा का पाठ करें। काले और नीले रंग से परहेज करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत का समय सावधानी से बिताएं। घर-परिवार में माहौल कुछ अशांत हो सकता है। आपका मन भविष्य की चिंता में घिरा रहेगा। मानसिक तनाव की स्थिति में कोई भी निर्णय न लें। अपने क्रोध पर काबू रखें अन्यथा कोई महत्वपूर्ण फैसला गलत दिशा में लिया जा सकता है। बृहस्पतिवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। परिस्थितियों में सुधार होगा। आप पहले की अपेक्षा ऊर्जा और मनोबल में वृद्धि महसूस करेंगे। परिवार में चल रहा मनमुटाव खत्म होगा। सप्ताह के अंत का समय विद्यार्थियों के लिए अहम रहेगा। अपनी शिक्षा के संदर्भ में कोई भी बड़ा फैसला जांच परख करने के बाद ही लें। ऑनलाइन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया सोच-समझकर करें।
उपाय:- पक्षियों को हरी मूंग की दाल का दाना डालें। यथासंभव चांदी के पात्र में जल पियें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम औसत सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में मूलांक 3 वालों का मन धर्म-कर्म के कामों में लगेगा। किसी धर्म स्थान की यात्रा पर जा सकते हैं परंतु इन सब के चलते अपने कामों को नजरअंदाज न करें। आपका गैर जिम्मेदार रवैया आपके काम बिगाड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में समय आपके अनुकूल रहेगा। कुछ महत्वपूर्ण काम पूरे होंगे, जिससे आपको भविष्य में लाभ मिलेगा। बृहस्पतिवार का दिन आपके लिए अच्छा है। किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं तो सफलता मिलने के योग बनते हैं। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। उनकी एकाग्रता शक्ति में मजबूती आएगी। आप नई तकनीकों को अपनाकर अपने काम सरल करने की कोशिश करेंगे।
उपाय:- पीले रंग का रुमाल अपने पास रखें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहु देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। कामकाज के लिए की गई यात्राओं से लाभ मिलेगा। विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव मिल सकते हैं। कोर्ट-कचहरी के मामले आपके हक में आने की संभावना बनती है। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। किसी दूसरे के लड़ाई झगड़े में न पड़ें। पुलिस के मामलों से दूर रहें। सरकारी कामों में कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। मार्केटिंग के कामों में कोई बड़ा निवेश अभी न करें। हालांकि सप्ताह के अंत का समय शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। हायर एजुकेशन या पीएचडी कर रहे छात्रों को अपनी रिसर्च में अच्छे परिणाम मिलेंगे।
उपाय:- किसी किन्नर को 5 का नोट दें। चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों को सप्ताह की शुरुआत में व्यापार में मुनाफा होगा। जीवन साथी से उचित सलाह और साथ प्राप्त होगा। किसी नए प्रोजेक्ट में निवेश करना पड़ सकता है। थोड़ी पूंजी लगाकर काम करना अच्छा रहेगा। ज्यादा निवेश नुकसान का कारण बन सकता है। पिता की सलाह उचित लाभ दिला सकती है। भाई-बहनों के साथ लड़ाई-झगड़े के माहौल को नजरअंदाज करें। सप्ताह के अंत में स्वयं को भावनाओं में घिरा हुआ महसूस करेंगे। मन और मस्तिष्क दोनों के मध्य संतुलन स्थापित करने का समय है। बच्चों के लिए सप्ताह के अंत का समय अच्छा रहेगा। रविवार के दिन किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करते हुए सावधानी बरतें।
उपाय:- कन्याओं को भोजन करवाकर उनका आशीर्वाद लें। गणेश भगवान की आराधना करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले लोगों का सप्ताह की शुरुआत का समय अपने घर-परिवार के साथ अच्छा बीतेगा। कहीं घूमने जाने की योजना भी बना सकते हैं। अपने मन की बातों को अपने जीवन साथी के साथ साझा करके आप अच्छा महसूस करेंगे। इससे आप दोनों के रिश्ते में मजबूती आएगी। बुधवार का दिन किसी शुभ कार्य के लिए अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र पर किसी महिला सहकर्मी की सहायता मिलेगी। हालांकि सप्ताह के अंत का समय आपके लिए इतना अनुकूल नहीं है। कामकाज ज्यादा बना रहेगा, जिसे संभालने के चक्कर में निजी जीवन को कम समय दे पाएंगे। नकदी धन खर्च होगा। अपना समय दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में बिताएंगे।
उपाय:- छोटी बहन को कोई उपहार दें। इत्र का इस्तेमाल करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। व्यापार में तरक्की के योग बनते हैं। इस सप्ताह आपको आय के नए साधन प्राप्त होंगे। मकान खरीदने का योग बनता है। दोस्तों के साथ किसी मतभेद के कारण कहासुनी हो सकती है। अपने क्रोध पर काबू रखें। बृहस्पतिवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। सरकारी काम पूरे होंगे। कोई नया काम भी शुरू कर सकते हैं। मानसिक रूप से थोड़ा परेशान महसूस करेंगे। आपका मन ज्योतिष विद्या या अध्यात्म की ओर आकर्षित हो सकता है। एकाएक आपको अपनी समस्याओं का समाधान मिलेगा।
उपाय:- भगवान गणेश की स्तुति करें। काले-सफेद तिल जल प्रवाह करें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं।  मूलांक 8 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में घर-परिवार के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। जीवन साथी के साथ संबंध अच्छे होंगे। कोर्ट-कचहरी के मामलों में आपको सफलता मिलेगी। बुधवार के दिन आलस्य को त्याग कर अपने काम पूरा करने की कोशिश करें, अन्यथा बाद में समय नियोजन करना मुश्किल होगा। सप्ताह के मध्य में काम ज्यादा बना रहेगा। कार्यक्षेत्र पर उच्च अधिकारियों के साथ मतभेद हो सकता है। मानसिक तनाव के कारण अनिंद्रा की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनती है। हालांकि अपने अनुभव से आप परिस्थितियों को संभालने में कामयाब रहेंगे।
उपाय:- काले कुत्ते की सेवा करें। कोई जंग लगी हुई लोहे की वस्तु घर में न रखें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ा मंदा रहेगा। संतान पक्ष को लेकर थोड़े चिंतित हो सकते हैं। बच्चों के कारण घर-परिवार में माहौल थोड़ा खराब हो सकता है। अपने क्रोध पर काबू रखें। हालांकि सप्ताह के आगे का समय आपके लिए अनुकूल रहेगा। पिता से उचित सलाह प्राप्त होगी। आप भी अपने अनुभव से सही निर्णय लेने में सफल रहेंगे। किसी को उधार दिया हुआ पैसा वापिस मिल सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कामकाज में तरक्की के योग बनते हैं। किसी के बहकावे में आकर कोई अनैतिक काम करने से बचें।
उपाय:- हनुमान जी को मीठा पान अर्पित करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News