छठी मैया की पूजा में क्यों जरूरी है ठेकुआ, कसार और गन्ना? जानें सदियों पुरानी परंपरा का रहस्य
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 11:06 AM (IST)
Chhath Puja Prasad Significance : छठ महापर्व हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती पूरी श्रद्धा, पवित्रता और नियमों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। छठ पूजा की खास पहचान इसके पारंपरिक प्रसाद और पूजा साम्रगी से भी जुड़ी हुई है। इस दौरान बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, कसार, गन्ना, नारियल, केला और कई तरह के मौसमी फल सजाए जाते हैं। छठ घाटों पर जब श्रद्धालु सूप में प्रसाद लेकर सूर्य देव को अर्घ्य देने पहुंचते हैं तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि छठी मैया की पूजा में ठकुआ, कसार और गन्ने को इतना महत्व क्यों दिया जाता है। आखिर इस चीजों को सूप में रखने के पीछे कौन सी धार्मिक मान्यताएं है। तो आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार में।
छठ पूजा में ठेकुआ का क्या है महत्व?
ठेकुआ छठ महापर्व का सबसे प्रसिद्ध और पारंपरिक प्रसाद माना जाता है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसके बिना छठ पूजा की कल्पना करना भी मुश्किल है। इसे गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी और घी की मदद से तैयार किया जाता है। ठेकुआ बनाने के लिए घरों में विशेष साफ-सफाई और शुद्धता का ध्यान रखा जाता है। मान्यता है कि छठी मैया को ठेकुआ अर्पित करने से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। पूजा के बाद इसे परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। यह प्रसाद छठ पर्व की पारंपरिक पहचान होने के साथ-साथ परिवार के लोगों को एक साथ जोड़ने का भी माध्यम है।
कसार के बिना क्यों अधूरा है छठ का प्रसाद?
छठ पूजा में कसार का भी विशेष स्थान है। इसे मुख्य रूप से चावल के आटे, गुड़ या चीनी और घी से तैयार किया जाता है। कुछ जगहों पर इसे बनाने की विधि में स्थानीय परंपरा के अनुसार बदलाव भी देखने को मिलता है। कसार को सात्विक प्रसाद माना जाता है। इसे पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ तैयार करके छठी मैया को अर्पित किया जाता है। बिहार और पूर्वांचल के कई क्षेत्रों में यह प्रसाद पीढ़ियों से छठ पूजा का हिस्सा बना हुआ है।

छठ पूजा में गन्ना चढ़ाने की परंपरा क्यों है?
छठ पूजा के सूप और दउरा में गन्ना रखना बेहद शुभ माना जाता है। कई स्थानों पर गन्ने के पौधों से पूजा स्थल को भी सजाया जाता है। गन्ना मिठास, खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गन्ना सूर्य देव को अर्पित करके अच्छी फसल, परिवार की उन्नति और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। चूंकि सूर्य की रोशनी और ऊर्जा से ही फसलों को बढ़ने में सहायता मिलती है, इसलिए इस पर्व में कृषि और प्रकृति से जुड़ी चीजों को विशेष स्थान दिया गया है।
बांस के सूप में ही क्यों रखा जाता है छठी मैया का प्रसाद?
छठ पूजा में प्रसाद और फल रखने के लिए बांस से बने सूप और दउरा का इस्तेमाल किया जाता है। बांस प्राकृतिक रूप से उपलब्ध होने वाला संसाधन है और ग्रामीण जीवन में इसका लंबे समय से उपयोग होता आया है। बांस के सूप में फल, ठेकुआ, कसार, नारियल और गन्ना सजाकर श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। यह परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान और सादगी का संदेश भी देती है।
नारियल और केले का भी है खास महत्व
छठ पूजा के सूप में नारियल और केले को भी प्रमुखता से रखा जाता है।
नारियल: हिंदू धर्म में नारियल को शुभ और पवित्र माना जाता है। इसे पूजा में अर्पित करना समर्पण और मंगलकामना का प्रतीक है।
केला: यह आसानी से उपलब्ध होने वाला पौष्टिक फल है। छठ पूजा में केले को प्रसाद के रूप में चढ़ाने की पुरानी परंपरा है।
नींबू: छठ के सूप में बड़े आकार वाले नींबू और अन्य मौसमी फलों को भी शामिल किया जाता है। इन्हें प्रकृति की देन मानकर सूर्य देव को अर्पित किया जाता है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
