आज से शुरू हुआ आस्था का महापर्व छठ, जानें इससे जुड़ी हर जरूरी बात
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 09:49 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): लोक आस्था, शुद्धता और प्रकृति की उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार (आज) से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। बाजारों में भी छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, टोकरी, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है। छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। कठिन व्रतों में शामिल इस पर्व में खरना के बाद लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखने की परंपरा है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान का समापन 16 नवम्बर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने और व्रत का पारण करने के साथ होगा।
पहला दिन : नहाय-खाय से होगी शुरुआत: छठ महापर्व के पहले दिन यानी शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। व्रती सुबह जल्दी उठकर स्नान करते हैं और भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा का संकल्प लेते हैं।
दूसरा दिन: खरना के बाद शुरू होगा निर्जला व्रत: 14 नवंबर को छठ का दूसरा दिन खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं, शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा-अर्चना करते हैं। खरना के प्रसाद के रूप में मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गाय के दूध और गुड़ से खीर तैयार की जाती है।
तीसरा दिन : अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य: 15 नवम्बर को छठ महापर्व का तीसरा दिन होगा। इस दिन संध्या अर्घ्य की विशेष परंपरा निभाई जाएगी। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। शाम को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब, घाटों और जलाशयों पर पहुंचेंगे। जल में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। पंचांग के अनुसार, इस दिन संध्या अर्घ्य का समय शाम 5 बजकर 24 मिनट बताया गया है।
चौथा दिन : उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन: 16 नवम्बर को महापर्व का अंतिम दिन होगा। इस दिन सुबह व्रती उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देंगे। इसके लिए श्रद्धालु तड़के ही घाटों पर पहुंच जाएंगे और सूर्योदय के समय जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। पंचांग के अनुसार, इस दिन सूर्योदय सुबह 6 बजकर 43 मिनट पर होगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
