45th India International Trade Fair: 90 से अधिक फूड आउटलेट पर देश-विदेश के व्यंजनों का जायका

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 11:57 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2026 में इस बार खरीदारी और कारोबार के साथ खानपान का भी खास इंतजाम किया गया है। मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए विश्वस्तरीय फूड कोर्ट तैयार किया गया है, जहां 90 से अधिक फूड आउटलेट के माध्यम से भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिल रहा है। मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक पकवानों से लेकर विदेशी व्यंजनों तक की विविधता देखने के लिए लोग उत्सुक हैं। मंगलवार को ट्रेड फेयर में दिन भर में 28000 विजिटर पहुंचे।

फूड कोर्ट में खानपान की गुणवत्ता और स्वच्छता को प्राथमिकता दी गई है। यहां भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक साफ-सफाई के मानकों का विशेष ध्यान रखने पर जोर है। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित रखरखाव और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य आगंतुकों को स्वाद के साथ सुरक्षित और बेहतर खानपान का अनुभव देना है। इस बार फूड कोर्ट की एक खास विशेषता पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था है। आयोजन में जीरो-वेस्ट रखने की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है। 

इसके तहत खाने-पीने के दौरान निकलने वाले कचरे को कम करने, उसके उचित निस्तारण और प्लास्टिक के इस्तेमाल में कटौती पर जोर दिया गया है। एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को प्रोत्साहित करने की पहल की गई है।

भोजपुर के पारंपरिक खुरमा को मिला IITF का मंच, बिहार से मिली 10 लाख की मदद
व्यापार मेले में बिहार के भोजपुर का पारंपरिक खुरमा लोगों को खूब पसंद आ रहा है। बिहार पवेलियन के स्टॉल नंबर 25 पर युवा उद्यमी नितेश कुमार अपने खास पनीर खुरमा के साथ पहुंचे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक नितेश ने 2022 में इस स्टार्टअप की शुरुआत की थी। यह मिठाई गांव की डेयरी के ताजे दूध से तैयार शुद्ध पनीर और गुड़ की चाशनी से बनाई जाती है। स्टार्टअप बिहार योजना के तहत उन्हें 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिली, जिससे कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिली। मेले में 500 ग्राम खुरमा का पैकेट 350 रुपए में बेचा जा रहा है। नितेश के मुताबिक, लाया गया स्टॉक समाप्त हो चुका है और दोबारा खुरमा मंगवाया जा रहा है। उनका लक्ष्य इस देसी मिठाई को देशभर और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।

खाने के शौकीनों के लिए है खास 
ट्रेड फेयर में कारोबार, हस्तशिल्प, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों और घरेलू सामान की खरीदारी के बीच फूड कोर्ट लोगों को विश्राम और स्वाद का अवसर देगा। परिवार के साथ आने वाले लोगों से लेकर देश-विदेश के व्यापारिक प्रतिनिधियों तक के लिए यहां खानपान की विविधता आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस तरह आईआईटीएफ 2026 में व्यापार, मनोरंजन और स्वाद का एक साथ अनुभव मिलेगा।

झारखंड के अचार और जंगली शहद का स्वाद चख रहे आगंतुक
भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड का पलाश मार्ट महिला उद्यमिता और देसी स्वाद का आकर्षण बना हुआ है। ग्रामीण विकास विभाग के इस पवेलियन में महिलाओं द्वारा तैयार अचार, दाल, शहद और सिरका लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। गुमला के बिशुनपुर की अमीता कुमारी ने बताया कि उनका महिला समूह 12 तरह के अचार तैयार करता है। इनमें नींबू, कटहल, लहसुन, आम, आंवला और महुआ प्रमुख हैं। अचार की कीमत 150 रुपए से शुरू होती है। वहीं दाल 200 रुपए किलो, फार्मिंग शहद 600 और जंगली शहद 1200 रुपए किलो उपलब्ध है। दूसरी उद्यमी प्रफलीत ओडिया जंगली और करंज फूल का शहद बेच रही हैं। जंगली शहद 675 रुपए किलो है। 

पलाश मार्ट महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके पारंपरिक हुनर और उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध करा रहा है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News