महाकाल भक्तों के लिए बड़ी सौगात, अब अन्नक्षेत्र में मिलेगा दक्षिण भारतीय प्रसाद का दिव्य स्वाद
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 10:45 AM (IST)
Ujjian Mahakal Mandir News : विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के निःशुल्क अन्नक्षेत्र में आज से श्रद्धालुओं को दक्षिण भारतीय प्रसाद भी परोसा जाना शुरू हो गया है। मध्यप्रदेश में पहली बार किसी मंदिर के निःशुल्क अन्नक्षेत्र में इस तरह की पहल की गई है। अब प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजनों का प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। अब तक अन्नक्षेत्र में श्रद्धालुओं को दाल, चावल, रोटी, सब्जी और मिठाई परोसी जाती थी, लेकिन मंदिर समिति ने देशभर से आने वाले
श्रद्धालुओं की विविध सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करते हुए "विविधता में एकता" की भावना के साथ दक्षिण भारतीय भोजन को भी प्रसाद व्यवस्था में शामिल किया है। नई व्यवस्था के तहत मंगलवार को श्रद्धालुओं को इडली, सांभर, स्टीम राइस, पोंगल और मौसमी सब्जी परोसी जाएगी, जबकि शुक्रवार को पुलिहोरा, पायसम, रसम, स्टीम राइस और मौसमी सब्जी प्रसाद के रूप में मिलेगी। मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार, यह व्यवस्था अब नियमित रूप से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार संचालित की जाएगी।
पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दक्षिण भारतीय प्रसाद ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वाद तथा व्यवस्थाओं की सराहना की। मंदिर समिति का मानना है कि यह पहल देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी पारंपरिक भोजन संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ महाकाल मंदिर की अतिथि सत्कार की परंपरा को भी नई पहचान देगी। श्रद्धालुओं में इस नई व्यवस्था को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और इसे मंदिर प्रशासन की एक सराहनीय पहल बताया जा रहा है।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
