महाकाल की शरण में पहुंचे टीम इंडिया के सितारे, तिलक वर्मा और कुलदीप यादव ने भस्म आरती में लिया आशीर्वाद
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 11:58 AM (IST)
उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा और स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। दोनों क्रिकेटरों ने तड़के आयोजित प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। भस्म आरती के दौरान तिलक वर्मा और कुलदीप यादव नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना करते नजर आए। बाबा महाकाल की दिव्य और अलौकिक आरती के दर्शन कर दोनों खिलाड़ी अभिभूत दिखाई दिए। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। वहीं, मंदिर समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम के इन स्टार खिलाड़ियों का महाकालेश्वर मंदिर पहुंचना श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का विषय रहा। खेल जगत की जानी-मानी हस्तियों का बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लेना एक बार फिर क्रिकेट और धार्मिक आस्था के अनूठे संगम को दर्शाता है। उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। यहां प्रतिदिन होने वाली भस्म आरती के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। तिलक वर्मा और कुलदीप यादव ने भी बाबा महाकाल के चरणों में शीश झुकाकर सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
-विशाल ठाकुर, उज्जैन
