सनातन संस्कृति से प्रभावित युवक स्वेच्छा से बदला धर्म, सलमान खान से बने 'शांतनु'
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 02:40 PM (IST)
Ujjain News : मध्य प्रदेश के उज्जैन से धर्म परिवर्तन का एक मामला सामने आया है, जहां गांधी नगर निवासी एक युवक ने अपनी स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाया है। धार्मिक विधि-विधान और वैदिक संस्कारों के बाद युवक का नया नाम 'शांतनु' रखा गया तथा उन्हें कश्यप गोत्र प्रदान किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान रविवार को शिप्रा तट स्थित मौनतीर्थ आश्रम में संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, युवक पहले सलमान खान के नाम से जाना जाता था। उन्होंने धर्म परिवर्तन से पूर्व जिला दंडाधिकारी को आवेदन देकर स्पष्ट किया था कि वे बिना किसी दबाव, प्रलोभन या जबरदस्ती के अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपना रहे हैं। आवेदन में उन्होंने अपने निर्णय को पूरी तरह स्वैच्छिक बताया था। मौनतीर्थ आश्रम में डॉ. सुमनानंद गिरी महाराज के सान्निध्य में धर्म प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान शिप्रा नदी में दशविधि स्नान, प्रायश्चित कर्म, पंचगव्य सेवन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक संस्कार पूरे किए गए। इसके बाद युवक को सनातन परंपरा के अनुसार नई धार्मिक पहचान प्रदान की गई।
शांतनु ने बताया कि उन्हें बचपन से ही सनातन धर्म की परंपराओं, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों में आस्था रही है। वे लंबे समय से इस धर्म को अपनाने की इच्छा रखते थे। हालांकि, इस निर्णय को लेकर उन्हें परिवार का समर्थन नहीं मिला, लेकिन मित्रों और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग प्राप्त हुआ। पेशे से कारीगर शांतनु का कहना है कि वे अपने कौशल और मेहनत के बल पर सम्मानपूर्वक जीवन-यापन करेंगे। इस घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
