Ujjain Mahakal Mandir News : स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे त्रिपुंड में सजे बाबा महाकाल, दिव्य दर्शन ने जीता भक्तों का मन
punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 09:40 AM (IST)
Ujjain Mahakal Mandir News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। तड़के तीन बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शकर और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक किया गया।
प्रथम घंटाल बजाकर बाबा महाकाल को हरिओम का जल अर्पित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भगवान महाकाल को तिरंगे स्वरूप का त्रिपुंड अर्पित कर विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा को रजत ॐ, बिल्वपत्र मुकुट और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल के साथ डमरू व शेषनाग से सुसज्जित रजत मुकुट सुशोभित किया गया।
इसके साथ ही बाबा महाकाल को रजत की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से बनी फूलों की माला अर्पित की गई। भस्म आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के जयकारे लगाए। स्वतंत्रता दिवस पर हुए इस विशेष श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे नजर आए।
(विशाल ठाकुर)
