राम मंदिर परिसर में 150 में से 148 निर्माण कार्य पूरे, ट्रस्ट को सौंपे गए : नृपेंद्र मिश्र
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 07:45 AM (IST)
अयोध्या (एजैंसी): उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में विकास कार्य तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहे हैं। परिसर के कुल 150 छोटे-बड़े निर्माण कार्यों में से 148 कार्य पूरे कर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिए गए हैं।
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने 2 दिवसीय समीक्षा बैठक के बाद बताया कि मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब मुख्य रूप से मंदिर के परकोटे का काम ट्रस्ट को सौंपा जाना बाकी है।
परकोटे और बाहरी सजावटी रोशनी (फसाड लाइटिंग) का काम 15 नवम्बर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बारिश के कारण परकोटे की छत पर प्रभावित जल शोधन कार्य भी जल्द पूरे कर लिए जाएंगे।
दीवाली पर परिसर में भव्य रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा विजय स्तंभ और शहीद स्मारक बनकर तैयार हैं, जहां अब उद्यान व बागवानी का काम चल रहा है। माधवाचार्य द्वार का निर्माण भी 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
कंपनी 'लार्सन एंड टुब्रो' द्वारा कार्य पूरा होने पर दस्तावेज और डिजाइन ट्रस्ट को सौंपे जा रहे हैं, जिसकी तकनीकी निरीक्षण के बाद स्वीकृति दी जा रही है। समिति गुणवत्ता और वित्तीय औपचारिकताओं को सुनिश्चित करते हुए सभी शेष परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
