Ram Mandir news: राम मंदिर में पूजा व्यवस्था बदली, 15 अगस्त से पुजारियों के लिए नया ड्रैस कोड
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 10:20 AM (IST)
अयोध्या (इंट.): अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा व्यवस्था को लेकर बदलाव किया गया है। 15 अगस्त से श्रीरामलला के सभी अर्चकों के लिए नया ड्रैस कोड लागू होगा। अब सभी पुजारी एक समान पीत वस्त्र धारण करेंगे। नए ड्रैस कोड के तहत गर्मी के मौसम में अर्चकों (पुजारियों) के लिए धोती और उत्तरीय (अंगवस्त्र) निर्धारित किया गया है। ये वस्त्र सिले हुए नहीं, बल्कि बिना सिले हुए रेशमी होंगे। मौसम बदलने के साथ वस्त्रों की प्रकृति बदलेगी, लेकिन उनका रंग पीत ही रहेगा। शरद और ठंड के मौसम में अर्चकों को मौसम के अनुरूप ऊनी वस्त्र उपलब्ध करवाए जाएंगे।
धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने बताया कि नया ड्रैस कोड 15 अगस्त से लागू होगा। उन्होंने कहा कि वैष्णव परम्परा में गर्भगृह में श्रीविग्रह के समक्ष विशेष मर्यादा और शुचिता का पालन किया जाता है। इसी परंपरा के अनुसार अर्चकों के लिए पीताम्बरी उत्तरीय और धोती अनिवार्य की गई है।
उन्होंने बताया कि अर्चकों का ड्यूटी रोस्टर अमावस्या और पूर्णिमा के आधार पर बदलता है। नए रोस्टर के साथ सभी अर्चक निर्धारित वेशभूषा में पूजा-अर्चना करेंगे। इससे मंदिर में अर्चकों की वेशभूषा भी एकरूपता में नजर आएगी। राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि और अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने संतों के इस सुझाव को स्वीकार कर लिया है।
