Ram Mandir Controversy: राम मंदिर के टीनू यादव के यहां मिला सोना
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 12:35 PM (IST)
अयोध्या (एजैंसी) : अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी और अन्य कीमती सामान की जांच के दौरान मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टीनू यादव के घर से बड़ी मात्रा में सोना मिलने की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि बरामद सोने की मात्रा और उसकी वास्तविक कीमत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले राम मंदिर ट्रस्ट की एक विशेष जांच टीम पुलिस के साथ टीनू यादव के घर पहुंची थी। इस मामले में ट्रस्ट और पुलिस के अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। जांच टीम ने घर की तलाशी के दौरान सोना बरामद किया, जिसे अपने साथ ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, टीनू यादव ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी माने जाते हैं। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं के चढ़ावे को बैंक तक पहुंचाने जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में उनकी भूमिका बताई जाती रही है। टीनू यादव के नाम और उनके परिवार से जुड़ी अयोध्या तथा लखनऊ में 50 करोड़ की संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। अयोध्या के स्वर्गद्वार क्षेत्र में स्थित उनके पुश्तैनी घर पर भी जांच टीम पहुंची थी। यहीं से सोना मिलने की बात सामने आई है। टीनू यादव ने मीडिया से बातचीत में मामले में खुद को निर्दोष बताया। वहीं, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव के रिश्तेदार बताए जा रहे सोमेश आनंद व मंदिर कर्मचारी केडी तिवारी भी जांच के घेरे में आ गए हैं।
