Ram Mandir Ayodhya: क्या अयोध्या राम मंदिर में 500 साल के विवादों के पीछे है 'वास्तु दोष'? जानिए क्यों भव्य निर्माण के बाद भी मंडरा रहे हैं संकट के बादल!

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 01:21 PM (IST)

Ayodhya Ram Mandir vastu: सरयू नदी के किनारे बसी हिन्दुओं के आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्यापुरी का उल्लेख भारत के कई प्राचीन ग्रन्थों में मिलता है। जहां एक ओर अयोध्या नगरी अनादिकाल से प्रसिद्ध है, वहीं दूसरी ओर राम जन्मस्थली सदियों से विवादित है।

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

1528 में बाबरी मस्जिद बनने के बाद राम जन्मभूमि स्थल को लेकर हिन्दू और मुस्लिम के बीच कई बार हिंसक झड़पें हो चुकी हैं। अंग्रेजी हुकूमत ने भी विवाद सुलझाने के प्रयास किए परन्तु विवाद ने कभी समाप्त होने का नाम नहीं लिया।

राम जन्मभूमि से सम्बन्धित उपरोक्त हिंसक झड़पों के इतिहास को देखते हुए आम जन-मानस के मन में प्रश्न उत्पन्न होना स्वाभाविक है कि, आखिर ऐसा क्या कारण है कि, लगभग पिछले 500 सालों से इस स्थान पर अपना अधिकार पाने के लिए हिन्दू और मुस्लिम दोनों पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़पों में हजारों लोग मारे जा चुके हैं।

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट के आये फैसले पर भी विवाद रहा कि यह फैसला पक्षपातपूर्ण होकर सही नहीं है। जब राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी, 2024 को होना तय हुआ, तब चारों शंकराचार्यों ने इसका बहिष्कार कर इस समारोह में आने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि यह निर्माण शिखर पर बिना कलश और ध्वजा के आधा-अधूरा है और प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त भी सही नहीं है। देश के कई धर्माचार्यों अन्य ने भी इस समारोह का बहिष्कार किया। 

इसी के साथ ही विभिन्न राजनैतिक दल राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विरोध करते हुए इसे भाजपा का चुनावी एजेंडा बताने लगे। इस कारण कांग्रेस, तृणमूल कांगेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना के उद्धव ठाकरे इत्यादि इस समारोह का बहिष्कार कर रहे थे। कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने निमंत्रण मिलने के बाद भी इस कार्यक्रम में जाने से इंकार कर दिया।

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

इन सभी विवादों का एकमात्र कारण है राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र परिसर का वास्तु विपरीत निर्माण। इस परिसर का निर्माण करते समय इसकी भव्यता के साथ-साथ निश्चित ही धार्मिक शिल्प निर्माण की मर्यादा का पालन तो किया गया है, लेकिन भारत के प्राचीन वास्तुशास्त्र के नियमों की पूर्णतः अवहेलना की गई है।

सदियों से इस जगह की भौगोलिक स्थिति के कारण इसका वास्तु खराब है। जब यहां बाबरी मस्जिद थी तब भी तथा जब यहां रामलला प्रकट हुए तब भी इसका वास्तु खराब ही था। वर्तमान में राम मंदिर तीर्थक्षेत्र का निर्माण हो रहा है तो इस निर्माण में ऐसे वास्तुदोष और अधिक प्रभावी हो गये हैं जिसके कारण यहां विवाद शुरू हो गये हैं और यह तय है कि ज्यों-ज्यों मंदिर तीर्थक्षेत्र का निर्माण आगे बढ़ता जायेगा, त्यों-त्यों विवाद बढ़ते हुए और गंभीर हो जायेंगे। आइये राम मंदिर तीर्थ स्थल का वास्तु विश्लेषण करते हैं-

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

यूं तो प्राचीन काल से ही अयोध्या नगरी को प्रसिद्धि मिली हुई है। लेकिन ऐसा क्या है जिसके कारण राम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या नगरी इतनी विकसित हो रही है कि यहां अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, अंतर्राष्ट्रीय स्तर का रेल्वे स्टेशन, सैंकड़ों होटल, धर्मशालाओं के साथ-साथ 5-7 स्टार होटल तक बन गये हैं, यहां आने वाले दर्शनार्थियों के लिए हर प्रकार की आधुनिक सुख-सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यह सब हो रहा है इसकी वास्तु अनुकूल भौगोलिक स्थिति के कारण।

अयोध्या की उत्तर दिशा से सरयू नदी बहती हुई पूर्व दिशा की ओर घुमाव लेकर पूरे नगर को घेरती हुई पूर्व दिशा की ओर ही आगे को बढ़ गई है। जिस स्थान पर रामलला की मूर्ति रखी गई थी (जहां कभी बाबरी मस्जिद होती थी) वह स्थान अयोध्या का सबसे ऊंचा स्थान था और वहां जमीन में चारों दिशाओं में ढलान है। यह ढलान उत्तर और पूर्व दिशा की ओर सरयू नदी तक चला गया है। उत्तर एवं पूर्व दिशा में भूमि का ढलान सामान्य है, सामान्यतः ऐसा ढलान नदी के किनारे बसे सभी नगरों में पाया जाता है। परन्तु पश्चिम दिशा और नैऋत्य कोण में तीखे ढलान के कारण काफी नीचाई है।

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

वास्तुशास्त्र के अनुसार जहां उत्तर दिशा में ढलान हो और साथ में अधिक मात्रा में पानी हो तो वह स्थान निश्चित ही प्रसिद्धि प्राप्त करता है और पूर्व दिशा की ओर का ढलान और पानी धनागमन में सहायक होता है। अयोध्या के उत्तर दिशा के ढलान और उसके आगे सरयू नदी के कारण यह नगरी प्राचीनकाल से ही प्रसिद्ध है। साथ ही पश्चिम दिशा में ढलान, गढ्ढे, कुंआ, तालाब या किसी भी रूप में निचाई हो तो ऐसे स्थान पर रहने वालों में दूसरों की तुलना में ज्यादा धार्मिकता रहती है। नैऋत्य कोण का तीखा ढलान अमंगलकारी होकर विनाश का कारण बनता है, जोकि धार्मिकता के साथ-साथ आपसी झड़पों का कारण बनता रहा है और आगे भी रहेगा।

यूट्युब पर रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सचिव श्री चंपतराय जी द्वारा जो प्रेजेंटेशन दी गई उसके अनुसार यह तीर्थ क्षेत्र 70 एकड़ भाग में निर्मित हो रहा है, जिसका आकार अनियमित है। इस परिसर का ईशान कोण दबा हुआ है और पूर्व आग्नेय भाग बहुत ज्यादा बढ़ा हुआ है। यह महत्वपूर्ण वास्तुदोष है। मंदिर के चारों ओर दक्षिण भारत के मंदिरों की तरह सुरक्षा दीवार/परकोटा बनाया गया है, जिसकी चैड़ाई 14 फिट है, यह परकोटा डबल स्टोरी है। इसके लोवर लेवल पर आॉफिस के कमरे रहेंगे और अपर लेवल पर परिक्रमा का मार्ग बनाया है। परकोटे की चारों भुजाओं के कोने पर मंदिर बनाये गये हैं, नैऋत्य कोण में सूर्य भगवान का मंदिर, क्योंकि राम जी सूर्य वंश में पैदा हुए, वायव्य कोण पर शंकरजी का मंदिर, ईशान कोण पर मां भगवती का मंदिर तथा आग्नेय कोण  पर गणेश जी का मंदिर है। दक्षिणी भुजा के दक्षिण नैऋत्य में हनुमान जी का मंदिर और उत्तर वायव्य में मां अन्नपूर्णा का मंदिर बनाया गया है। परकोटे के चारों कोनों पर जो मंदिर बनाये गये हैं, उनके कारण चारों कोनों में बढ़ाव आ रहा है। ईशान कोण  के उत्तर और पूर्व दोनों तरफ का बढ़ाव शुभ है। आग्नेय कोण में दक्षिण आग्नेय का बढ़ाव तो शुभ है लेकिन पूर्व आग्नेय का बढ़ाव अशुभ है यह विवाद का कारण बनता है। नैऋत्य कोण के दक्षिण तथा पश्चिम दोनों तरफ के बढ़ाव अशुभ हैं। वायव्य कोण में पश्चिम वायव्य का बढ़ाव तो शुभ है लेकिन उत्तर वायव्य का बढ़ाव अशुभ है। यह विवाद में बूस्टर की तरह काम करेगा। राम मंदिर के परकोटे के पूर्व आग्नेय भाग पर राम जन्मभूमि पथ का मार्ग प्रहार आ रहा है, जोकि विवाद को और अधिक बढ़ा रहा है। ध्यान रहे सामान्यतः दक्षिण भारत के मंदिरों के परकोटे में इस तरह कोने पर मंदिर नहीं बनाये जाते हैं।

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

वास्तुशास्त्र के अनुसार, यदि किसी भवन के पूर्व आग्नेय में किसी प्रकार का बढ़ाव हो, चाहे वह बढ़ाव आयताकार हो या तिरछा हो, या वहां भवन का मुख्यद्वार हो या उस भवन पर पूर्व आग्नेय में मार्ग प्रहार (रोड़ आकर कर टकरा रहा हो) हो या वहां किसी प्रकार का गड्ढा हो तो वहां निश्चित ही विवाद होते हैं और चोरी-चकारी की घटनायें भी होती है। यदि भवन के नैऋत्य कोण में किसी भी प्रकार से नीचाई हो तो ऐसी स्थिति में यह विवाद इतने गंभीर हो जाते हैं कि वहां अनहोनी घटना होने की संभावना रहती है।

राम मंदिर परिसर के पूर्व आग्नेय में 2 सीवर ट्रीटमेंट प्लाण्ट भी बनाये जायेंगे। अंडर ग्राउण्ड रिजर्व वाटर उत्तर वायव्य कोण में बनाया जायेगा। यह सभी प्लाण्ट दिसंबर के अंत तक बनेंगे, इनके बनने के बाद विवाद की स्थितियां और गंभीर भी होंगी। तीर्थ क्षेत्र परिसर के दक्षिण में सीताकुण्ड (जानकी जलाशय) जोकि वाटर हार्वेस्टिंग के लिए बनाया गया है। वास्तुशास्त्र के अनुसार दक्षिण दिशा में किसी भी प्रकार का कुंड होना वहां रहने/आने वाली महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार की परेशानियों का कारण बनेगा।

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

इस वास्तु-विश्लेषण से स्पष्ट है कि, राम जन्मभूमि परिसर की पश्चिम दिशा की नीचाई के कारण इस स्थान के प्रति लोगों में जुनून की हद तक धार्मिकता तो है लेकिन पूर्व आग्नेय के दोष, मार्ग प्रहार, बढ़ाव और सीवरेज ट्रीटमेंट टैंक के कारण, यहां विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और नैऋत्य कोण के दोष के कारण यहां समय-समय पर झड़पों में अनहोनी होने की संभावना बनी रहेगी।

वास्तु परामर्श- यदि इस विवाद को पूर्ण रूप से समाप्त करना है तो सरकार को चाहिए कि, वह राम जन्मभूमि परिसर के वास्तुदोषों को दूर करें, जोकि निश्चित किये भी जा सकते हैं। जैसे पूर्व आग्नेय के राम जन्मभूमि पथ को मंदिर के मुख्य द्वार के सामने परकोटे के पूर्व मध्य में स्थानान्तरित किया जाए। पश्चिम दिशा एवं नैऋत्य कोण की निचाई को मिट्टी डालकर टीले के बराबर किया जाए और राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र को कुछ हिस्सों में बांटकर सभी हिस्सों को वास्तुअनुकूल बनाया जाये। इसी के साथ जो टैंक बनाये जा रहे हैं उनके भी स्थान बदले जाये। निश्चित ही इन वास्तु अनुकूल परिवर्तनों से राम मंदिर तीर्थस्थल को लेकर जो विवाद सदियों से चल रहा है, वह पूर्णतः समाप्त हो जायेगा।

वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा
thenebula2001@gmail.com

PunjabKesari Ram Janmabhoomi dispute

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News