आखिर ऐसा क्या बोले रबीन्द्रनाथ ठाकुर कि चोरी करने आया शख्स बिना कुछ लिए लौट गया? पढ़ें प्रेरक प्रसंग
punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 12:58 PM (IST)
Rabindranath Tagore Inspirational Story : गुरुदेव रबीन्द्रनाथ ठाकुर अपने कमरे में बैठकर किसी कविता की रचना में पूरी तरह डूबे हुए थे। उन्हें बाहरी दुनिया का होश ही नहीं था। उसी समय एक चोर उनके कमरे में घुस आया। चोर ने सोचा कि वह मौका पाकर कुछ कीमती सामान चुरा लेगा। उसने कमरे में टटोला, लेकिन उसे कोई खास कीमती वस्तु नजर नहीं आई। तभी उसकी नजर गुरुदेव पर पड़ी, जो शांतचित होकर लिखने में व्यस्त थे। चोर के हाथ में एक चाकू था।
उसने चाहा कि गुरुदेव को डराकर या धमकाकर वह कुछ हासिल कर ले। चोर ने उनके पास जाकर धीमे से कहा, "तुम्हारे पास जो भी मूल्यवान वस्तु है, मुझे दे दो।" गुरुदेव ने उसकी बात सुनी, लेकिन वह अपनी रचना के प्रवाह को तोड़ना नहीं चाहते थे। उन्होंने बिना अपना सिर उठाए, अत्यंत शांत स्वर में अपनी मेज पर रखी हुई कॉपियों और पैन की ओर इशारा करते हुए कहा, "वहां मेज पर मेरी कविता की कुछ कापियां रखी हैं, चाहो तो तुम उन्हें ले जा सकते हो।"
गुरुदेव का वह निर्भय और सहज व्यवहार देखकर चोर हक्का-बक्का रह गया। जिस व्यक्ति के चेहरे पर मौत या लूट का कोई डर नहीं था, बल्कि कला के प्रति ऐसा अगाध प्रेम था, उसका उस चोर के मन पर गहरा असर हुआ। चोर का कठोर हृदय पिघल गया और उसने समझ लिया कि इस महान इंसान के पास धन से भी बहुमूल्य चीज 'सच्चा ज्ञान' है। वह शर्मिंदा होकर वहां से खाली हाथ लौट गया।
